गैस सिलेंडर फटने से एक की मौत, तीन घायल

by Next Khabar Team
1 minutes read
A+A-
Reset

थाना खंडासा क्षेत्र के अंजरौली की घटना

जिला चिकित्सालय में भर्ती घायल

अयोध्या। जनपद के खंडासा थाना क्षेत्र के अंजरौली गांव में एक घर में खाना बनाते समय सिलेंडर फटने से जहां एक की मौत हो गयी वहीं तीन लोग घायल हो गये। सूचना मिलते अपर जिलाधिकारी प्रशासन एवं पुलिस अधीक्षक ग्रामीण कई थानों की पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस प्रशासन का दावा है कि विस्फोट खाना बनाते समय सिलेंडर फटने से हुआ है। अंजरौली गांव में मंगलवार की शाम करीब 7 बज कर 30 मिनट पर नवासे पर रह रहे शाह मोहम्मद के घर अचानक भयंकर विस्फोट हो गया। इसके चलते उनका पक्की ईंटों से बना पूरा मकान छत सहित धराशाई हो गया। विस्फोट से पड़ोसी रामनारायण गुप्ता एवं रामदेव गुप्ता का मकान भी ढह गया। इसके अलावा बसंत गुप्ता के भी मकान की दीवाल फट गई। हादसे में 32 वर्षीय गुलाम मोहम्मद की मौत हो गई। युवक का शव पूरी तरह से क्षत-विक्षत हो गया था। हादसे में 56 वर्षीय शाह मोहम्मद व उनकी दो बेटी 18 वर्षीय चांदनी व 15 वर्षीय सलमा गंभीर रूप से घायल हो गईं। इन्हें खंडासा पुलिस ने ग्रामीणों के सहयोग से सीएचसी मिल्कीपुर पहुंचाया। अस्पताल के डॉक्टरों ने हालत गंभीर देख घायलों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया।घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक ग्रामीण शैलेंद्र कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी प्रशासन संतोष कुमार सिंह, क्षेत्राधिकारी आरके राय मौके पर पहुंच गए और घटना की गहन छानबीन में जुट गए। मौके पर पहुंची पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने दावा किया कि घटना के समय मृतक गुलाम मोहम्मद की बहन गैस चूल्हे पर खाना बना रही थी। एक भरा हुआ सिलेंडर रसोई घर में रखा हुआ था। सिलेंडर फटने की वजह से यह हादसा हुआ है।

You may also like

नेक्स्ट ख़बर

अयोध्या और आस-पास के क्षेत्रों में रहने वालों के लिए एक महत्वपूर्ण सूचना स्रोत है। यह स्थानीय समाचारों के साथ-साथ सामाजिक और सांस्कृतिक घटनाओं की प्रामाणिकता को बनाए रखते हुए उपयोगी जानकारी प्रदान करता है। यह वेबसाइट अपने आप में अयोध्या की सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत का एक डिजिटल दस्तावेज है।.

@2025- All Right Reserved.  Faizabad Media Center AYODHYA

Next Khabar is a Local news Portal from Ayodhya