मुख्यमंत्री चाहे जितनी बार मिल्कीपुर आयें, जीत समाजवादी पार्टी की होगी : अवधेश प्रसाद

by Next Khabar Team
A+A-
Reset

-कहा-हमारा पूरा परिवार ही राममय, जीत के साथ ही 2027 चुनाव का यहीं से जाएगा प्रदेश में संदेश

अयोध्या। अयोध्या-फैज़ाबाद सांसद अवधेश प्रसाद ने स्थानीय होटल में प्रेस कांफ्रेन्स कर भाजपा सरकार और मुख्यमंत्री पर बड़ा जुबानी हमला बोला है। मिल्कीपुर विधानसभा क्षेत्र उपचुनाव को लेकर आयोजित प्रेसवार्ता में सपा सांसद अवधेश प्रसाद ने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ चाहे जितनी बार मिल्कीपुर व अयोध्या आएं, मुख्यमंत्री के चाहे जितने मंत्री लगें। जीत समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी की ही होगी।

प्रेसकांफ्रेन्स में सांसद ने कहा कि मिल्कीपुर उपचुनाव प्रदेश की 10 सीटों के साथ होना था। मिल्कीपुर हमारी लोकसभा का एक विधान सभा क्षेत्र है। भाजपा सहमी है चुनाव नहीं कराई। सपा सांसद ने व्यंग किया कि लोग कह रहे थे कि जो राम को लाए हैं हम उनको लाएंगे लेकिन यह दांव उल्टा हो गया लोकसभा चुनाव में राम अवधेश प्रसाद को ले आए। तभी से भाजपा के लोग और दहशत में हैं।

उपचुनाव को लेकर कहा कि विधानसभा चुनाव 2012, 2022 और लोकसभा चुनाव मिल्कीपुर की जनता जनार्दन ने जिताया। लोकसभा चुनाव अभी 04 जून 2024 में जिताया है। एक बार फिर उपचुनाव में बेटे अजित प्रसाद जिन्हें सपा मुखिया ने सर्व सम्मति से प्रत्याशी बनाया है। देवतुल्य जनता भारी मतों से जिताकर एक सन्देश देगी। यही वजह है कि भाजपा औऱ मुख्यमंत्री दहशत में हैं। मिल्कीपुर को ये कुछ नहीं देने वाले हैं।

इतना ही नहीं सपा सांसद ने कहा कि वर्ष 2027 के प्रदेश की विधानसभा चुनाव का रास्ता भी मिल्कीपुर से ही निकलेगा। मिल्कीपुर उपचुनाव में जीत से यहां से एक संदेश जाएगा और 2027 के चुनाव में भाजपा का सफाया होगा। जिसके बाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के नेतृत्व में सपा की सरकार बनेगी। युवाओं को रोजगार मिलेगा, किसानों, व्यापारियों और महिलाओं के लिए कल्याणकारी योजनाएं चलाई जाएंगी। बेरोजगारी दूर की जाएगी। हम सभी मर्यादा पुरुषोत्तम राम की मर्यादा को स्थापित करेंगे।

इसे भी पढ़े  रामलला के दरबार पहुंची ’लखनऊ सुपर जायंट्स’ की 20 सदस्यीय टीम

राम मंदिर बनने और रामलला के दर्शन के सवाल पर सांसद अवधेश प्रसाद ने कहा कि मेरा तो पूरा परिवार राम मय है। मेरे पूर्वजों का नाम राम से ही शुरू होता है। मेरे बाबा का नाम, मेरे पिता का नाम, ननिहाल पक्ष से मामा का नाम इतना ही नहीं मेरे ससुर के नाम के आगे पीछे राम लगा हुआ है। कहा कि भाजपा के किसी नेता के आगे व पीछे राम नहीं है। हो सकता है कि अपवाद के रूप में छोड़ दिया जाए। एकाद दो नेताओं के नाम के आगे पीछे राम हो सकता है। लेकिन इस मामले में हम सौभाग्यशाली हैं। मेरे बाबा से लेकर पिता व ससुर तक सबके नाम के आगे पीछे राम है। हमारे रोम रोम में राम है। हमारी विचारधारा मर्यादा पुरुषोत्तम राम से जुड़ी है।

आरोप लगाया कि इस मर्यादा को भाजपा ने विखंडित किया है। पत्रकारों के समक्ष वादा कि राम की मर्यादा को केवल अयोध्या में ही नहीं पूरे देश में स्थापित करने का काम करूंगा। प्रेसकांफ्रेन्स में समाजवादी पार्टी जिला अध्यक्ष पारसनाथ यादव समेत अन्य पदाधिकारी भी मौजूद रहे।

नेक्स्ट ख़बर

अयोध्या और आस-पास के क्षेत्रों में रहने वालों के लिए एक महत्वपूर्ण सूचना स्रोत है। यह स्थानीय समाचारों के साथ-साथ सामाजिक और सांस्कृतिक घटनाओं की प्रामाणिकता को बनाए रखते हुए उपयोगी जानकारी प्रदान करता है। यह वेबसाइट अपने आप में अयोध्या की सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत का एक डिजिटल दस्तावेज है।.

@2025- All Right Reserved.  Faizabad Media Center AYODHYA

Next Khabar is a Local news Portal from Ayodhya