अयोध्या। अयोध्या धाम रेलवे स्टेशन से एक छह वर्षीय बालिका को अगवा कर लिया गया। उसको एक शख्स ले जाते हुए सीसीटीवी कैमरे में कैद हुआ है। हालांकि अभी बालिका और उस शख्स का कोई सुराग नहीं मिल पाया है। जीआरपी ने रिपोर्ट दर्ज कर आमजन से सहयोग की अपील की है।
जीआरपी अयोध्या कैंट को दी गई शिकायत में नेहा पत्नी दीपक निवासी हलमाता थाना रुधौली, जिला बस्ती का कहना है कि उनकी करीब छह वर्षीय पुत्री दिव्या 25 सितंबर की शाम करीब सात बजे अयोध्या धाम रेलवे स्टेशन से लापता हो गई। मामले में जीआरपी पुलिस ने अगवा करने की धारा में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
सीसीटीवी फुटेज की तहकीकात में बालिका को एक शख्स ले जाता दिखा है। बालिका की तलाश और घटना में शामिल व्यक्ति का पता लगाने के लिए पुलिस कार्रवाई कर रही है। जीआरपी ने आमजन से अपील की है कि बालिका के संबंध में किसी भी प्रकार की जानकारी मिलने पर तत्काल निकटतम पुलिस थाना या जीआरपी को सूचना दें।