दूसरे के स्थान पर लगा रहा था दौड़
अयोध्या। डोगरा रेजीमेंटल सेंटर मैदान में चल रही सेना भर्ती के दौरान आर्मी इंटेलीजेंस की सूचना पर कैंट पुलिस ने एक मुन्ना भाई को धर दबोचा। हाथरस जनपद निवासी लोकेश सिंह पुत्र सुन्दर सिंह दूसरे अभ्यर्थी के स्थान पर कूट रचित दस्तावेज लगाकर दौड़ लगा रहा था। लोकेश जिस युवक के स्थान पर दौड़ लगा रहा था वह जनपद महाराजगंज का निवासी है। आठ युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। डोगरा रेजीमेंटल सेंटर में सेना की भर्ती जनपदवार की जा रही है। सेना भर्ती में किसी तरह की गड़बड़ी न होने पाये इसके लिए आर्मी इंटेलीजेंस के साथ ही पुलिस भी चौकसी बरत रही है इसी चौकसी के तहत मुन्ना भाई को गिरफ्तार किया गया।
आर्मी इंटेलीजेंस के सूत्रों के अनुसर इस तरह के 20 मामले प्रकाश में आये हैं। पूंछताछ के दौरान पता चला कि सरगना सतीश चौधरी बायोमेट्रिक अंगूठे के नमूने तैयार करके दूसरे के स्थान पर दूसरे लड़कों को भेज देता था जो दौड़ लगाते थे।