-कैंट थाना क्षेत्र के ककरही बाजार मोहल्ले में सुबह शौचालय को लेकर हुए विवाद में एक की हत्या

अयोध्या। कैंट थाना क्षेत्र के ककरही बाजार मोहल्ले में सोमवार की सुबह शौचालय को लेकर हुए विवाद में एक शख्स की चारपाई की पाटी से ताबड़तोड़ वारकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने चारों हमलावरों को गिरफ्तार किया है।
थाना क्षेत्र के ककरही बाजार मोहल्ले में मौजीराम यादव पुत्र स्व रामपाल का परिवार निवास करता है। परिवार के पास मोहल्ले में ही आसपास दो मकान है। जिसमें एक मकान मौजीराम यादव और दूसरा उसकी पत्नी मीना यादव के नाम पर है। मौजीराम के नाम मकान में खुद मौजीराम,उसकी पत्नी मीना और अविवाहित बेटा घनश्याम निवास करता है।
सुबह राधेश्याम यादव शौचालय जाने लगा तो उसके पिता मौजीराम ने विरोध किया। इसको लेकर विवाद बढ़ा और गाली गलौच के बाद मारपीट शुरू हो गई। आरोप है कि मौजीराम यादव और उसकी पत्नी मीना ने राधेश्याम को पकड़ लिया और घनश्याम यादव ने घर में रखी चारपाई की पाटी से राधेश्याम यादव 40 वर्ष पर ताबड़तोड़ हमला बोल दिया। बीच बचाव करने आई राधेश्याम यादव की पत्नी रेनू यादव को भी गंभीर चोट आई। दोनों घायलों को आलोक यादव ने सुबह लगभग छह बजे जिला अस्पताल पहुंचाया तो परीक्षण के बाद डॉक्टर ने राधेश्याम को मृत घोषित कर दिया,जबकि उसकी पत्नी मीना को इलाज के लिए भर्ती किया है।
मामले की खबर पर प्रभारी निरीक्षक कैंट संदीप कुमार सिंह, सीओ सिटी श्रेयश त्रिपाठी और एसपी सिटी चक्रपाणि त्रिपाठी फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और जांच पड़ताल तथा अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने मौके से मौजीराम, उसकी पत्नी मीना तथा पुत्री अनीता को हिरासत में लिया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजवाया है।
नगर कोतवाली के जनौरा निवासी राजू यादव से ब्याही बेटी घटना के समय अपने मायके में पिता के घर पर थी। प्रकरण में पुलिस ने मृतक राधेश्याम यादव की पत्नी रेनू की तहरीर पर मृतक के पिता मौजीराम, मां मीना,भाई घनश्याम तथा बहन अनीता के खिलाफ मारपीट और हत्या की रिपोर्ट दर्ज की है। सीओ सिटी श्रेयश त्रिपाठी ने बताया कि मामले में चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। सभी का चालान किया जा रहा है।