-सुरक्षा और यातायात व्यवस्था पर की चर्चा
अयोध्या। विधायक वेद प्रकाश गुप्ता ने लखनऊ में प्रदेश के पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण से भेंट की। मुलाकात के बाद विधायक गुप्ता ने बताया कि अयोध्या की कानून-व्यवस्था, सुरक्षा और यातायात प्रबंधन से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। उन्होंने कहा कि अयोध्या अब राष्ट्रीय ही नहीं, बल्कि वैश्विक धार्मिक और सांस्कृतिक केंद्र बन चुका है, जहां प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु व पर्यटक आते हैं। ऐसे में मजबूत और सतत सुरक्षा व्यवस्था बेहद जरूरी है।
विधायक गुप्ता के अनुसार, उन्होंने विशेष अवसरों धार्मिक उत्सव, पर्व और भीड़-भाड़ वाले आयोजनों कृ के दौरान लगाए जाने वाले यातायात प्रतिबंधों पर भी बात की। उन्होंने कहा कि सुरक्षा के लिए ये प्रतिबंध जरूरी हैं, लेकिन इसके साथ ही स्थानीय नागरिकों की दैनिक दिनचर्या पर पड़ने वाले असर को भी कम करना चाहिए। कहा कि सुरक्षा और सुविधा का संतुलन बनाए रखना ही हमारी प्राथमिकता है।
बताया कि उन्होंने डीजीपी से अयोध्या में यातायात योजना को इस तरह तैयार करने का आग्रह किया, जिससे तीर्थयात्रियों को मंदिर दर्शन में आसानी हो और शहरवासियों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने महत्वपूर्ण स्थलों और मार्गों पर बेहतर यातायात संकेत, वैकल्पिक मार्ग और पार्किंग सुविधाएं बढ़ाने का भी सुझाव दिया।
मुलाकात के बाद विधायक ने जानकारी दी कि डीजीपी राजीव कृष्ण ने उनके सुझावों को सकारात्मक रूप से लिया और भरोसा दिलाया कि कानून-व्यवस्था को और मजबूत करने, सुरक्षा इंतजामों को सुदृढ़ बनाने तथा यातायात व्यवस्था को सुचारु करने के लिए ठोस कदम उठाए जाएंगे।
अमृत काल में उत्तर प्रदेश विकास का अग्रदूत : वेद प्रकाश गुप्ता
अयोध्या। उत्तर प्रदेश विधानसभा में विकसित भारत, विकसित उत्तर प्रदेश विषय पर गुरुवार को हुई चर्चा में अयोध्या विधायक वेद प्रकाश गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश ने विकास की नई गाथा लिखी है। उन्होंने कहा कि “अमृत काल” में प्रवेश कर चुका भारत अब एक ऐसे राष्ट्र का स्वप्न देख रहा है, जहाँ हर नागरिक सुरक्षित, स्वावलंबी, शिक्षित, स्वस्थ और गर्वित हो।
विधानसभा की कार्यवाही 13 अगस्त सुबह 11 बजे से लगातार 24 घंटे चली, जिसमें विकसित भारत-विकसित यूपी विजन डॉक्यूमेंट 2047 पर सत्ता और विपक्ष के बीच तीखी बहस हुई। अपने संबोधन में विधायक गुप्ता ने 2017 से पहले की अव्यवस्था और ठहराव का उल्लेख करते हुए कहा कि आज प्रदेश की अर्थव्यवस्था 27 लाख करोड़ रुपये के पार पहुँच चुकी है। 15 लाख करोड़ से अधिक की परियोजनाएं धरातल पर उतर चुकी हैं, जिससे 60 लाख से अधिक रोजगार के अवसर सृजित हुए हैं।
‘वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट’ योजना ने कारीगरों और उद्यमियों को वैश्विक पहचान दिलाई है। उन्होंने कानून-व्यवस्था में सुधार, माफिया राज की समाप्ति, महिला सुरक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार, एक्सप्रेसवे और एयर कनेक्टिविटी में वृद्धि तथा सांस्कृतिक धरोहरों के पुनर्जीवन को सरकार की बड़ी उपलब्धियां बताया। अयोध्या में भव्य राम मंदिर, चौड़ी सड़कों, आधुनिक रेलवे स्टेशन और महर्षि वाल्मीकि हवाई अड्डे को उन्होंने वैश्विक आस्था और पर्यटन का केंद्र बनने की मिसाल बताया।