फैजाबाद। केन्द्रीय दुर्गापूजा एवं रामलीला समन्वय समिति साकेत के पदाधिकारियों एवं नगर निगम के अधिकारियों की एक संयुक्त बैठक नगर निगम में आगामी गणेश पूजा महोत्सव की तैयारी हेतु सम्पन्न हुई। बैठक को सम्बोधित करते हुये केन्द्रीय समिति के अध्यक्ष मनोज जायसवाल ने बताया कि नगर में गृहस्थ कल्याण पूजा समिति रिकाबगंज, साहबदीन सीताराम स्कूल के सामने, टकसाल अपना प्रेस, बछड़ा सुलतानपुर एवं देवकाली गांव में आज से एवं शेष स्थानों पर 18 सितम्बर से पूजा प्रारम्भ होगी। अध्यक्ष मनोज जायसवाल ने प्रमुख रूप से बरसात के कारण जर्जर सड़कांे की मरम्मत, नालों की सफाई, प्रत्येक पूजा पाण्डाल पर साफ सफाई, दरेशी एवं चूना छिड़काव पर जोर देते हुये कहा कि यदि जमुनियाबाग के स्थान पर गुलाबबाड़ी मंें विसर्जन जुलूस के एकत्र होने की अनुमति मिल जाये तो रीडगंज से चैक तक लगने वाला जाम खत्म हो जायेगा। अध्यक्ष ने कहा कि विसर्जन स्थल पर प्रकाश, साउण्ड एवं भण्डारे हेतु पाण्डाल की व्यवस्था से कार्यक्रम सुचारु रूप से सम्पन्न हो सकेगा।
इसके पूर्व नगर निगम के महापौर ऋषिकेश उपाध्याय का समाजसेवी भगीरथ पचेरीवाला, नगर आयुक्त का राजेन्द्र सिंह, उप नगर प्रमुख का गगन जायसवाल एवं उप नगर आयुक्त का जे0एन0 चतुर्वेदी द्वारा पुष्प गुच्छ देकर सम्मान किया गया। सम्मान की इसी श्रृंखला में हिन्दू मुस्लिम एकता के प्रतीक एवं फैजाबाद के गंगाजमुनी तहजीब की मिसाल के रूप में हिन्दू मुस्लिम गणेश पूजा समिति के इरशाद एवं अरुण को स्मृति चिन्ह देकर करतल ध्वनि के साथ महापौर द्वारा सम्मानित किया गया। गणेश पूजा में विभिन्न आकर्षक उपायों को समाहित करके गणेश पूजा की झांकी अत्यन्त मनोहारी बनाने एवं भगवान को छप्पन भोग लगाने वाले रामगोपाल जायसवाल को भी महापौर द्वारा सम्मानित किया गया। केन्द्रीय समिति के प्रवक्ता डाॅ0 शैलेन्द्र विक्रम सिंह ने बताया कि राजेश गौड़, पवन निषाद, अशोक कनक, अखिलेश पाठक, चन्दन गुप्ता, राजू जायसवाल एवं अतुल सिंह आदि जोनल प्रमुखांे ने अपने अपने क्षेत्रों की समस्याओं का सिलसिलेवार विवरण दिया, जिस पर महापौर एवं नगर आयुक्त ने समस्त समस्याओं के अविलम्ब निस्तारण का आश्वासन दिया। बैठक में उपस्थित प्रमुख लोगों में सुप्रीत कपूर, अवधेश तिवारी, शिवजी गौड़, जर्नादन पाण्डेय, रंजीत शर्मा, रोहिताश्वचन्द्र राजू, सुनील मौर्या, बजरंगी साहू, अशोक कनक, आलोक शंकर एवं अश्विनी प्रताप आदि थे।
गणेश पूजा महोत्सव की हुई तैयारी बैठक
17