संतों संग मुख्यमंत्री से मिले महापौर, की अयोध्या के उत्सवों पर चर्चा

by Next Khabar Team
A+A-
Reset

अयोध्या। महापौर महंत गिरीशपति त्रिपाठी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कर अयोध्या के आगामी धार्मिक उत्सवों को और भव्य बनाने पर चर्चा की और तेजी से हो रहे विकास को लेकर आभार जताया। बुधवार की शाम मुख्यमंत्री से पांच कालिदास मार्ग लखनऊ स्थित आवास पर महापौर ने मुलाकात की। इस दौरान उनके साथ अयोध्या के प्रतिष्ठित संत महंत शशिकांत दास, महंत मनीष दास, महंत मिथिला बिहारी दास जी भी थे। संतों ने मुख्यमंत्री को भगवान राम की प्रतिमा भेंट कर उनके यशस्वी होने की कामना की।

इसके साथ ही अयोध्या की विकास के लिए सरकार के स्तर से तेजी से किए जा रहे प्रयास को लेकर आभार जताया। संतों ने अयोध्या की धार्मिक आभा के अनुरूप विकास किए जाने को लेकर राज्य सरकार की सराहना की। इस दौरान अयोध्या में होने वाले सावन झूला मेला समेत अन्य पर्वों को सांस्कृतिक दृष्टि से और बेहतर ढंग से मनाए जाने को लेकर सुझाव दिए। महंत मिथिला बिहारी दास ने बताया कि मुख्यमंत्री से मुलाकात बहुत अच्छी रही। इसके जल्द ही सकारात्मक परिणाम सामने आएंगे।

मेयर ने अयोध्या नगर निगम की प्रस्तावित परियोजनाओं और चल रही परियोजनाओं की वर्तमान स्थिति की जानकारी दी और विकास कार्यों के लिए धन आवंटन की मांग की। इसके अलावा अयोध्याधाम की जल निकासी योजना, सीवर लाइन के विस्तारीकरण, नालों के निर्माण कार्य, अयोध्या कैंट की गलियों के निर्माण के लिए प्रस्तावित योजनाओं के विशेष तौर आशानुरूप बजट उपलब्ध कराने का आग्रह किया।

उन्होंने स्थानीय सरकार आपके द्वार कार्यक्रम की भी जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने महापौर को भरोसा दिया कि अयोध्या को भव्य एवं दिव्य बनाने के मार्ग में किसी प्रकार की बाधा आड़े नहीं आएगी।

नेक्स्ट ख़बर

अयोध्या और आस-पास के क्षेत्रों में रहने वालों के लिए एक महत्वपूर्ण सूचना स्रोत है। यह स्थानीय समाचारों के साथ-साथ सामाजिक और सांस्कृतिक घटनाओं की प्रामाणिकता को बनाए रखते हुए उपयोगी जानकारी प्रदान करता है। यह वेबसाइट अपने आप में अयोध्या की सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत का एक डिजिटल दस्तावेज है।.

@2025- All Right Reserved.  Faizabad Media Center AYODHYA

Next Khabar is a Local news Portal from Ayodhya