कहा मिल्कीपुर विधानसभा में पहली बार धरातल पर हो रहा काम
फैजाबाद। कुमारगंज में 100 शैय्या का चिकित्सालय जल्द ही जनता के लिए उपलब्ध हो जायेगा। इसके लिए 4.5 करोड़ का इस्ट्रीमेट शासन को भेजा गया है। देवगांव में 50 शैय्या का चिकित्सालय का निर्माण होना है जिसके लिए 1.5 करोड़ का प्रस्ताव भेजा गया है। देवगांव जिले के सबसे पिछड़े इलाकों में आता है। यहां काफी समय से चिकित्सालय की मांग स्थानीय लोगो के द्वारा की जा रही थी। उक्त विचार सर्किट हाउस में आयोजित प्रेस वार्ता में मिल्कीपुर विधायक बाबा गोरखनाथ ने व्यक्त किया। उन्होंने अपने स्वयं के प्रयासों से क्षेत्र के विकास हेतु शासन द्वारा दी जाने वाली योजनाओं की जानकारी भी जानकारी दी।
उन्होने बताया कि वर्तमान स्थिति को देखते हुए आने वाले दिनों में पानी की किल्लत बढ़ सकती है। जिसके लिए निमड़ी व सिद्धनाथन झील के सौन्दर्यीकरण का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। इसके साथ में क्षेत्र में राजकीय मिनी स्टेडियम, राजकीय पुस्तकालय की मांग भी की गयी है। कुमारगंज को न्याय पंचायत का दर्जा दिलाने जाने की मांग स्थानीय लोगो के द्वारा की जाती रही है। जिसके सन्दर्भ में शासन को अवगत कराया गया है। अगर मानकों पर कुमारगंज सही उतरेगा तो इसके नगर पंचायत का दर्जा दिलाने का प्रयास किया जायेगा। उन्होने बताया कि मिल्कीपुर विधानसभा में 9 करोड़ 14 लाख से सड़को का निर्माण हो रहा है। इसके साथ 9 करोड़ 37 लाख सड़को का निर्माण प्रस्तावित है।
भाजपा जिलाध्यक्ष अवधेश पाण्डेय बादल ने कहा कि मिल्कीपुर विधानसभा में पहली बार धरातल पर काम हो रहा है। अभी तक यहां के विकास के कई वादे हुए परन्तु यहां विकास नहीं दिखता है। भाजपा विधायक के द्वारा स्वयं दिलचस्पी लेकर योजनाओं का लाभ पात्रों को दिलाया जा रहा है। प्रेस वार्ता के दौरान भाजपा जिला मीडिया प्रभारी दिवाकर सिंह व सह मीडिया प्रभारी रोहित पाण्डेय मौजूद रहे।