होली पर चहुंओर गूंजा कबीरा सारा रारा….

by Next Khabar Team
A+A-
Reset

-प्रशासनिक अधिकारियों पर भी चढ़ा होली का रंग

अयोध्या। होली का पवित्र त्योहार पूरे जनपद में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। हर ओर डीजे की धुन पर युवा थिरकते नजर आए। कबीरा सारा रारा रा की गूंज चहुंओर सुनाई दी। मंदिरों में साधु संतो ने भी होली खेली तो प्रशासनिक अफसरों पर भी होली का रंग चटख रहा। शांतिपूर्ण होली संपन्न होने पर अफसरों ने राहत की सांस ली।

गुरुवार की रात होलिका जलते ही जनपद में हर्षोउल्लास की लहर दौड़ पड़ी। शुक्रवार की सुबह से ही रंगों का पर्व पूरे रंगत से शुरू हुआ। चौराहों पर डीजे की धुन में युवाओं ने कपड़ा फाड़ होली खेली। सड़कें पूरी रंग गई थीं। साधु-संतों ने भी मंदिरों ने जाकर अबीर-गुलाल उड़ाए। प्रशासनिक अधिकारियों में होली को लेकर खासा उत्साह देखा गया। इस बार होली पर कोरोना का साया नहीं रहा, जिसके चलते लोग जमकर होली खेलते नजर आए। लोग सुबह से लेकर दोपहर तक जमकर एक दूसरे को अबीर गुलाल और रंग लगाते दिखे। हर उम्र के लोगों में होली की खुमारी देखी गई। बच्चे, बूढ़े, जवान व महिलाओं की टोलियां रंग खेलती नजर आई। चौक, रिकाबगंज, नाका, देवकाली, रीडगंज, साहबगंज में युवा डीजे की धुन व फव्वारे में रंग खेलते नजर आए। इस दौरान रंग बरसे भीगे चुनर वाली, होली खेले रघुवीरा अवध में, होलिया में उड़े रे गुलाल सहित कई गीतों पर युवाओं ने जमकर धमाल मचाया। इधर, मठ-मंदिरों में साधु-संतों ने भी मंदिरों में जाकर होली का त्योहार मनाया। साधु-संतों ने रंगों के अलावा फूलों से भी होली खेली।

इसे भी पढ़े  कड़ी मेहनत करना ही सफलता का मूल मंत्र : उमा शंकर शुक्ल

हनुमंत लला को अबीर गुलाल किया अर्पित

हनुमानगढ़ी में विराजमान हनुमंत लला को अबीर गुलाल अर्पित किया गया। कनक भवन में कनक बिहारी सरकार को आंगन में विराजमान कर उनके साथ भक्तों ने होली खेली अबीर गुलाल अर्पित किया। श्री राम जन्म भूमि में विराजमान रामलला को भी ब्रह्म मुहूर्त में स्नान कराकर भव्य श्रृंगार किया गया। नवीन वस्त्र धारण कराकर अबीर गुलाल अर्पित किया गया। श्री राम जन्म भूमि के पुजारी आचार्य सत्येंद्र दास ने बताया कि भगवान राम लला को विभिन्न प्रकार के पकवानों का भोग भी लगाया गया। वहीं दशरथ महल, श्री राम वल्लभा कुंज, मणिराम दास जी की छावनी, नाका हनुमानगढ़ी सहित अन्य मंदिरों में भक्त अपने आराध्य के साथ होली खेलकर निहाल हो उठे। दोपहर बाद राम की पैड़ी पर लोगों की भारी भड़ी उमड़ पड़ी, लोगों ने होली खेलने के बाद राम की पैड़ी में घंटों तक स्नान किया। वहीं जिलाधिकारी नितीश कुमार व एसएसपी शैलेश पांडे ने अपने मातहतों के साथ होली खेली।

पुलिस थानों में दूसरे दिन उड़े गुलाल

-सबकी सुरक्षित होली मनवाने के दूसरे दिन पुलिस लाइंस से लेकर थानों तक में परंपरागत होली मनाई गई। डीजे के धुन पर कबीरा सारा रारा.. कर रहे पुलिसकर्मियों ने अपने अपने अंदाज में होली को यादगार बनाया। पुलिस लाइंस का शनिवार को नजारा ही अलग था। डीजे के धुन पर पुलिस वालों ने जहां ठुमके लगाए। वहीं अबीर गुलाल से एक दूसरे को जमकर नहलाया। पुलिसवालों की होली शनिवार को थी। पुलिस लाइन में अधिकारियों के साथ पुलिस कर्मचारियों ने हर्षोल्लास से होली मनाई। जनपद के सभी थानों में दूसरे दिन शनिवार को जमकर रंग बरसे। आईजी रेंज केपी सिंह व एसएसपी शैलेश पांडे ने सभी पुलिस कर्मचारियों को दी होली की बधाई।

इसे भी पढ़े  संभव : जनशिकायतों का त्वरित समाधान हो : गिरीशपति त्रिपाठी

गोसाईगंज पुलिस की कपडा फाड होली

 

गोसाईगंज। जनता के बीच होली की डियूटी खत्म होने बाद गोसाईगंज कोतवाली थाने के अंदर पुलिस वालों ने शनिवार को धमाल मचाया।थाना प्रभारी को छोड़ कर सभी पुलिस वाले जमकर नाचे। थाने के गेट पर लोग पुलिस वालों का कपड़ाफाड़ डांस देखते रहे। होली की ड्यूटी खत्म करने के बाद शनिवार सुबह ही थाने की पुलिस पूरी मस्ती में थी। डीजे की धुन पर जमकर डांस किया। कबीरा सारा रारा रारा रारा जोगी जी सारारारा के इस गाने पर कपड़े फाड़ होली मनाई। हालात यह थे कि सिर्फ थाना प्रभारी कृष्ण कुमार मिश्रा को छोड़ कर सभी के कपड़े फाडे गए, अपने घर से दूर गैरों में होली मना कर पुलिस वाले खुश है। पूरा थाना डीजे की धुन पर नाच रहा था। बाद में पकवानों का लुत्फ उठाया।

नेक्स्ट ख़बर

अयोध्या और आस-पास के क्षेत्रों में रहने वालों के लिए एक महत्वपूर्ण सूचना स्रोत है। यह स्थानीय समाचारों के साथ-साथ सामाजिक और सांस्कृतिक घटनाओं की प्रामाणिकता को बनाए रखते हुए उपयोगी जानकारी प्रदान करता है। यह वेबसाइट अपने आप में अयोध्या की सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत का एक डिजिटल दस्तावेज है।.

@2025- All Right Reserved.  Faizabad Media Center AYODHYA

Next Khabar is a Local news Portal from Ayodhya