-जिलाधिकारी की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक सम्पन्न
अयोध्या। जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में जनपद में सड़क सुरक्षा व्यवस्था, दुर्घटनाओं की रोकथाम तथा यातायात प्रबंधन से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर विस्तृत समीक्षा की गई।बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने जनपद के सर्वाधिक दुर्घटना संभावित क्षेत्रों की जानकारी प्राप्त की तथा पिछले वर्ष हुई सड़क दुर्घटनाओं की समीक्षा करते हुए सभी ब्लैक स्पॉट चिन्हित कर आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ब्लैक स्पॉट वाले स्थानों पर प्रकाश व्यवस्था सुदृढ़ कराई जाए तथा जहां कहीं भी निर्माण कार्य संचालित हो रहा हो वहां सुरक्षित मार्ग डाइवर्जन की व्यवस्था अनिवार्य रूप से सुनिश्चित की जाए।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी प्रमुख मार्गों पर साइनेज सही एवं स्पष्ट रूप से लगाए जाएं तथा अवैध कटों को तत्काल प्रभाव से बंद कराया जाए। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा और सभी विभाग समन्वय स्थापित कर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करें।
बैठक में आरटीओ विभाग को राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएच) एवं लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के साथ समन्वय स्थापित कर प्रवर्तन कार्य बढ़ाने के निर्देश दिए गए। साथ ही प्रत्येक माह सड़क दुर्घटनाओं की सूची प्रस्तुत करने तथा दुर्घटनाओं के कारणों का विश्लेषण कर प्रभावी रोकथाम उपाय सुनिश्चित करने को कहा गया।
जिलाधिकारी ने ओडीआर एवं एमडीआर सड़कों की पटरियों को दुरुस्त कराने, उन्हें साफ-सुथरा रखने तथा बारिश से पूर्व झाड़ियों की कटाई-छंटाई कराने के निर्देश दिए। उन्होंने पेड़ों की सड़क पर झुकी हुई टहनियों की समय से कटाई कराने पर भी विशेष बल दिया, ताकि आवागमन सुरक्षित एवं सुगम बना रहे। बैठक में एसपी यातायात अयोध्या प्रताप सिंह, एनएच, पीडब्ल्यूडी, बीएसए सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।