स्वास्थ्य व्यक्ति के जीवन की सबसे बड़ी पूॅजी : प्रो. मनोज दीक्षित

by Next Khabar Team
A+A-
Reset

राष्ट्रीय सेवा योजना की स्वर्ण जयंती पर विशेष साप्ताहिक कार्यक्रम का कुलपति ने किया उद्घाटन

अयोध्या। डॉ. राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय के संत कबीर सभागार में आज 24 सितम्बर, 2019 को राष्ट्रीय सेवा योजना की स्वर्ण जयंती के अवसर पर विशेष साप्ताहिक कार्यक्रम का उद्घाटन विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. मनोज दीक्षित ने मॉ सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर किया।
कार्यक्रम में संबोधित करते हुए कुलपति प्रो. मनोज दीक्षित ने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना जैसे संगठन को प्रधानमंत्री द्वारा चलाये जा रहे फिट इंडिया मूवमेंट कों काफी गम्भीरता से लेना चाहिये। स्वास्थ्य व्यक्ति के जीवन की सबसे बड़ी पूॅजी होती है। बेतरतीब खान-पान और दैनिक जीवन शैली में स्वास्थ्य सम्बन्धी चुनौतियों को जन्म दिया है। प्रो0 दीक्षित ने बताया कि देश की राजधानी दिल्ली में मोटापा एक गंभीर स्वरूप ले चुका है। इससे सावधान होने की आवश्यकता है। पाश्चात्य देशों के अंधेनुकरण ने जीवन शैली को बिगाड़ के रख दिया है। इसके विपरीत भारत अपनी महत्वपूर्ण जीवन शैली की प्राचीन परम्परा को भूल रहा है। प्रो0 दीक्षित ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति का जीवन समान एवं महत्वपूर्ण है। हम सभी की साझा जिम्मेदारी है कि एक सजग नागरिक बने। सड़क दुर्घटना को स्वजनित आपदा बताते हुए प्रो0 दीक्षित ने कहा कि प्रायः यह पाया जाता है कि सड़क दुर्घटना के लिए चालक स्वयं जिम्मेदार होता है। विश्व स्तर पर आंकड़ों से यह पता चलता है कि सर्वाधिक सड़क दुर्घटनायें भारत में होती है। कुलपति ने कहा कि स्वामी विवेकानंद एवं महात्मा गांधी के विचार समाज सेवा के लिए प्रेरक का कार्य कर रहे है। इस वर्ष भारत महात्मा गांधी की 150 वीं जयंती मनाने जा रहा है। प्रो0 दीक्षित ने छात्र-छात्राओं से गॉव एवं मलिन बस्तिओं के विकास के लिए कार्य योजना व्यक्तिगत एवं सामूहिक रूप से विश्वविद्यालय को प्रस्तुत करने को कहा। विश्वविद्यालय इन क्षेत्रों के विकास के लिए हर संभव सहायता प्रदान करेगा।
कार्यक्रम में अधिष्ठाता छात्र-कल्याण प्रो0 आशुतोष ने राष्ट्रीय सेवा योजना के मूल उद्देश्यों पर प्रकाश डाला। राष्ट्रीय सेवा योजना के समन्वयक डॉ0 समीर सिन्हा ने कार्यक्रम की रूपरेखा, एनएसएस के दायित्वों से छात्र-छात्राओं को काफी कुछ सीखकर देशहित में कार्य करने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में कुलपति जी का स्वागत स्मृति चिन्ह एवं अंगवस्त्रम भेटकर किया गया। कार्यक्रम का संचालन एवं धन्यवाद ज्ञापन डॉ0 आशुतोष सिंह ने किया। कार्यक्रम के द्वितीय सत्र में डॉ0 सुषमा पाठक के संयोजकत्व में गांधी केन्द्रित गायन प्रतियोगिता आयोजित की गई। निर्णायक मंडल में मनूचा कालेज की डॉ0 कल्पना बर्मन, डॉ0 रोमा अरोरा, एवं झुनझुनवाला महाविद्यालय की डॉ0 वन्दना दिवेदी रही। विजेता छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत किया गया। तृतीय सत्र में कार्यक्रमाधिकारियों का अभिविन्यास कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिसमें डॉ0 आशुतोष सिंह, डॉ0 मंजूषा मिश्रा, डॉ0 प्रभात श्रीवास्तव, डॉ0 निर्मल श्रीवास्तव, डॉ0 सुषमा पाठक आदि ने राष्ट्रीय सेवा योजना के संचालन में अपने अनुभवों को साझा किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में कार्यक्रमाधिकारियों एवं छात्र-छात्राओं की उपस्थिति उल्लेखनीय रही।

नेक्स्ट ख़बर

अयोध्या और आस-पास के क्षेत्रों में रहने वालों के लिए एक महत्वपूर्ण सूचना स्रोत है। यह स्थानीय समाचारों के साथ-साथ सामाजिक और सांस्कृतिक घटनाओं की प्रामाणिकता को बनाए रखते हुए उपयोगी जानकारी प्रदान करता है। यह वेबसाइट अपने आप में अयोध्या की सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत का एक डिजिटल दस्तावेज है।.

@2025- All Right Reserved.  Faizabad Media Center AYODHYA

Next Khabar is a Local news Portal from Ayodhya