-शिविर में 105 लोगों ने कराई स्वास्थ्य जांच, छात्र-छात्राओं ने किए मेडिटेशन

अयोध्या। आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय स्थित परिसर चिकित्सालय में निशुल्क स्वास्थ्य जांच एवं डेंटल चेकअप शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का आयोजन हेल्थ सिटी विस्तार हास्पिटल लखनऊ व कृषि विवि के संयुक्त तत्वावधान में हुआ। इसका उद्घाटन बतौर मुख्यअतिथि कुलपति डा. ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह ने किया। कुलपति ने स्वयं भी अपने स्वास्थ्य की जांच कराई।
विवि के शिक्षक, कर्मचारी एवं छात्र-छात्राएं सहित 105 लोगों ने स्वास्थ्य जांच कराया। इस मौके पर कुलपति ने कहा कि स्वास्थ्य ही मनुष्य की सबसे बड़ी पूंजी है और समय-समय पर स्वास्थ्य परीक्षण कराने से अनेक बीमारियों का प्रारंभिक अवस्था में ही पता लगाया जा सकता है। शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने लोगों के स्वास्थ्य की जांच की। डेंटल विशेषज्ञों ने दांतों एवं मसूड़ों से संबंधित समस्याओं की जांच कर मरीजों का उचित उपचार किया। शिविर में रक्तचाप, शुगर, वजन, सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण एवं दंत परीक्षण की सुविधाएं निशुल्क उपलब्ध कराई गईं।
वहीं दूसरी तरफ छात्र-छात्राओं के मानसिक स्वास्थ्य एवं तनावमुक्त जीवन के लिए हर्टफुलनेस कार्यक्रम अधिष्ठाता छात्र कल्याण डा. डी. नियोगी द्वारा कराया गया। जिसके मुख्य अतिथि कुलपति डा. ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह रहे। इस कार्यक्रम में हर्टफुलनेस सेंटर से आए विशेषज्ञों ने मेडिटेशन का लाभ छात्र-छात्राओं से साझा किया एवं उसे अपने जीवन शैली में उपयोग करने पर जोर दिया।
प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डा. नमिता जोशी, छात्र कल्याण अधिष्ठाता डा. डी. नियोगी के संयोजन में कार्यक्रम आयोजित किया गया। शिविर में चिकित्सा अधिकारी डा. योगेश तिवारी, नेत्र रोग विशेषज्ञ डा. पूजा कनोडिया, स्त्री रोग विशेषज्ञ डा. सुधीर कपूर, डा. अरुण पांडेय और संस्था के पदाधिकारियों एवं चिकित्सा दल के सदस्यों का भी विशेष योगदान रहा।