मिल्कीपुर में सपा कार्यकर्ताओं का किया जा रहा उत्पीड़न : अवधेश प्रसाद

by Next Khabar Team
A+A-
Reset

-सपा सांसद ने पुलिस पर लगाए गंभीर आरोप

अयोध्या। समाजवादी पार्टी के सांसद अवधेश प्रसाद ने शुक्रवार को शाने अवध सभागार में प्रेसवार्ता कर पुलिस पर आरोप लगाए। मतदान के दिन भाजपा कार्यकर्ता की पिटाई के आरोप में आठ सपा कार्यकर्ताओं के खिलाफ खंडासा थाने में मुकदमा दर्ज हुआ है। मिल्कीपुर सीट के लिए पांच फरवरी को मतदान संपन्न हुआ था।

सांसद अवधेश प्रसाद ने कहा कि खंडासा पुलिस हमारे सपा कार्यकर्ताओं को पकड़कर जंगल में ले गई, गाड़ी में शराब की बोतल रखी और फोटो खींचा। सपा कार्यकर्ताओं के हाथ के नाखून निकालने की कोशिश की गई। उनको लाठियों से पीटा गया। उन्होंने कहा कि हमारे कार्यकर्ताओं ने कहा कि हमें चाहे गोली मार दो लेकिन हम अखिलेशवादी रहेंगे, अवधेश वादी रहेंगे।

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में सपा कार्यकर्ताओं का उत्पीड़न हो रहा है। जबकि भाजपा कार्यकर्ता भखौली बूथ पर बूथ कैप्चरिंग कर रहा था। इसको रोकने के लिए सपा कार्यकर्ता आगे आए थे। उसके बाद सपा कार्यकर्ताओं के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। अयोध्या पुलिस एकतरफा कार्रवाई कर रही है।

सपा का साथ देने पर अमानवीय उत्पीड़न, प्लास से उखाड़ा पूर्व प्रधान का नाखून

सांसद अवधेश प्रसाद का सीओ मिल्कीपुर पर आरोप है कि तरौली ग्राम पंचायत के पूर्व प्रधान मसरूर अहमद को रात में उनके घर से पकड़कर ले गए उनकी अभिरक्षा में नाखून उखाड़ा गया। महिला पुलिसकर्मी भी उनके साथ नहीं थीं। रात में घर की बहू,बेटियां सो रही थीं, तभी उन्हें रात के अंधेरे में सुनसान जंगल में ले जाकर सपा के पक्ष में प्रचार व मतदान करने के लिए धमकाया।

इसे भी पढ़े  खाकी ने पेश की ईमानदारी की मिशाल

प्रचार करने पर तमंचा व देसी शराब रखने के आरोप में जेल भेजने के लिए इनायतनगर थाने के लाकअप में डाल दिया। शिकायत होने पर पुलिस अधिकारी के पहुंचने पर घर जाने दिया गया। पति के उत्पीड़न को सुन पत्नी को हार्टअटैक आ गया। मेदांता अस्पताल में वह भर्ती हैं, नहीं तो आपबीती सुनाने आते।

शाने-अवध होटल में आयोजित प्रेसवार्ता में सांसद ने पत्रकारों से कहाकि टिकटी गांव के प्रधान आशीष यादव को झूठे मामले में फंसाकर साथियों समेत जेल भेजने का भी आरोप लगाया। कहा, भाजपा ने बब्बन तिवारी को हैदरगंज से वोट डालने के लिए बुलाया था। अर्द्धसैनिक बलों ने उसकी पिटाई कर दी तो छिपाने के लिए साथियों समेत डकैती में फंसा दिया। सांसद ने सारी मतदान केंद्र पर पीठासीन अधिकारी के स्वयं कई बार वोड डालने का आरोप लगाया। शिकायत पर उसे हटाया गया। कई बूथों पर बच्चों से मतदान कराए जाने का आरोप भी लगाया।

बब्बन तिवारी पर हमले को लेकर एक्शन मोड में सपा

मिल्कीपुर विधानसभा उपचुनाव के दौरान 5 फरवरी को मतदान के दिन जिस बब्बन तिवारी की पिटाई का आरोप टिकटी ग्राम प्रधान आशीष यादव व अन्य उनके साथियों पर रहा है। बब्बन तिवारी के लखनऊ से आने के बयान को लेकर उठे सवाल से राजनीति तेज हो गई है। जिस तरह भारतीय जनता पार्टी के नेताओं ने इसे समाजवादी पार्टी की गुंडई बताते हुए उसे हमला बता कड़ी कार्रवाई की मांग की।

पूर्व सांसद लल्लू सिंह व पार्टी के अन्य नेता उसे देखने पहुंचे। उसके बाद तेज हुई राजनीति से शुक्रवार को समाजवादी पार्टी के नेता व पूर्व मंत्री तेजनारायण पांडेय पवन ने पत्रकार वार्ता में मतदान केंद्र का वीडियो फुटेज जारी करने की मांग कर गेंद जिला प्रशासन के पाले में डाल दी। कहा फर्जी वोटिंग करने के लिए उसे हैदरगंज से भाजपा की ओर से बुलाया गया था। वह लखनऊ से आने का झूंठा बयान दे रहा है। लखनऊ से हैदरगंज जाने के लिए रुदौली से अमानीगंज मिल्कीपुर वाया खजुरहट रास्ता के अलावा पूर्वांचल एक्सप्रेस भी है।

पूर्व मंत्री ने कहा कि अगर उसका कहना मान भी लिया जाए कि वह अपने रिश्तेदार से मिलने गया था तो जिस स्विफ्ट कार यूपी 42 एयू 5565 फिर वह लौट रहा था। सुबह 10ः50 बजे से कैसे मतदान केंद्र के पास खड़ी थी। उसकी लोकेशन को भी पूर्व मंत्री ने मीडिया से साझा किया है। उन्होंने कहा आप प्रधान आशीष व उनके साथियों पर दर्ज मुकदमा वापस लिया जाए।

बब्बन तिवारी को आशीष व उसके सहयोगियों ने नहीं अर्ध सैनिक बल व पुलिस के जवानों ने बार-बार मतदान करने के लिए जाने पर पीटा है। पार्टी के समर्थकों पर आरोप लगाना गलत है। अगर गलत है तो जिला प्रशासन को मतदान केंद्र का वीडियो फुटेज जारी कर सच्चाई को सामने लाना चाहिए।

नेक्स्ट ख़बर

अयोध्या और आस-पास के क्षेत्रों में रहने वालों के लिए एक महत्वपूर्ण सूचना स्रोत है। यह स्थानीय समाचारों के साथ-साथ सामाजिक और सांस्कृतिक घटनाओं की प्रामाणिकता को बनाए रखते हुए उपयोगी जानकारी प्रदान करता है। यह वेबसाइट अपने आप में अयोध्या की सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत का एक डिजिटल दस्तावेज है।.

@2025- All Right Reserved.  Faizabad Media Center AYODHYA

Next Khabar is a Local news Portal from Ayodhya