आकर्षण का केंद्र बनेगा गुलाबबाड़ी पार्क, चल रहा व्यापक कायाकल्प

by Next Khabar Team
A+A-
Reset

– 2.98 करोड़ से विकसित होंगी आधुनिक सुविधाएं, पार्क में टेराकोटा फ्लोरिंग से लेकर लैंडस्केपिंग तक काम

अयोध्या। अयोध्या में पर्यटन विकास को नई रफ्तार देते हुए ऐतिहासिक गुलाबबाड़ी पार्क का व्यापक कायाकल्प किया जा रहा है। पर्यटन विभाग और श्रीअयोध्या जी तीर्थ विकास परिषद की पहल पर लगभग 2.98 करोड़ रुपये की लागत से पार्क में आधुनिक सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। आचार्य नरेंद्र देव क्षेत्र स्थित इस पार्क को नया रूप देने के लिए टेराकोटा फ्लोरिंग, लैंडस्केपिंग, बच्चों के खेल क्षेत्र, ओपन जिम, म्यूरल वॉल, स्टोन बेंच और पेयजल व्यवस्था जैसी सुविधाएं जोड़ी जा रही हैं। अगर सब कुछ सही रहा तो 2026 की पहली शाम का आनंद गुलाबबाड़ी पार्क में लोगों को उठने का मौका मिलेगा।

गुलाबबाड़ी अवध के तीसरे नवाब शुजा-उद-दौला का मकबरा और चारबाग शैली का ऐतिहासिक परिसर है, जहां पहले गुलाबों के बगीचे, फव्वारे और पानी की नहरें थीं। यह पुरातत्व विभाग के संरक्षण में है। एएसआई की अनुमति मिलने के बाद सुंदरीकरण का काम तेजी से आगे बढ़ रहा है। परियोजना में पाथवे निर्माण, बाउंड्री वॉल की मरम्मत व पेंटिंग, क्लैडिंग, ग्रिल पेंटिंग, हॉर्टिकल्चर, आकर्षक लाइटिंग, बैठने की व्यवस्था, बच्चों के लिए झूले-स्लाइडर तथा युवाओं के लिए ओपन जिम शामिल हैं। पश्चिम दिशा का झाड़ियों से भरा क्षेत्र भी साफ कर मनोरंजन योग्य बनाया जा रहा है।

स्थानीय लोगों को मनोरंजन व स्वास्थ्य सुविधाएं होंगी उपलब्ध

यह परियोजना मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में अयोध्या को वैश्विक पर्यटन केंद्र बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। ऐतिहासिक धरोहर को संरक्षित करते हुए आधुनिक सुविधाएं जोड़ने से न केवल पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि स्थानीय निवासियों को बेहतर मनोरंजन और स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध होंगी। काम पूरा होने के बाद गुलाबबाड़ी पार्क शहर का प्रमुख आकर्षण केंद्र बनेगा।

इसे भी पढ़े  सीएम योगी ने बजरंगबली का लिया आशीर्वाद, रामलला के दरबार में टेका माथा

गुणवत्ता के साथ समयबद्ध तरीके से काम पूरा करने का लक्ष्य

निर्माण कार्यदायी संस्था के परियोजना प्रबंधक मनोज कुमार शर्मा ने बताया कि टेराकोटा फ्लोरिंग, लैंडस्केपिंग और स्टोन बेंच जैसे कार्यों से पार्क का सौंदर्य बढ़ेगा। म्यूरल वॉल और पेयजल व्यवस्था से स्थानीय लोगों व पर्यटकों को सुविधा मिलेगी। गुणवत्ता के साथ समयबद्ध तरीके से काम पूरा करने का लक्ष्य है, ताकि आमजन जल्द इन सुविधाओं का लाभ उठा सकें। मॉर्निंग वॉक करने वालों के लिए सुरक्षित पाथवे और स्वच्छ वातावरण सुनिश्चित किया जा रहा है। अब तक 55 फीसदी कार्य हो चुका है।

इसी वर्ष पूरा हो जाएगा परियोजना का कार्य : जयेंद्र कुमार

श्रीअयोध्या जी तीर्थ विकास परिषद के सीईओ व नगर आयुक्त जयेन्द्र कुमार ने बताया कि पुरातत्व विभाग की स्वीकृति मिलने के बाद गुलाबबाड़ी पार्क में सुंदरीकरण शुरू कराया गया है। यह इसी साल पूरा हो जाएगा। बाउंड्रीवॉल की मरम्मत और रंगाई-पेंटिंग कराकर आकर्षक बनाया जा रहा है। बच्चों के खेल-कूद के लिए झूले और स्लाइडर लगाए जाएंगे, पाथवे बनेगा तथा युवाओं के लिए ओपन जिम स्थापित किया जाएगा। सफाई के लिए डस्टबिन भी रखे जाएंगे। उन्होंने कहा कि शहर के नागरिकों की सुविधा के लिए यह पार्क काफी आकर्षक और उपयोगी होगा।

नेक्स्ट ख़बर

अयोध्या और आस-पास के क्षेत्रों में रहने वालों के लिए एक महत्वपूर्ण सूचना स्रोत है। यह स्थानीय समाचारों के साथ-साथ सामाजिक और सांस्कृतिक घटनाओं की प्रामाणिकता को बनाए रखते हुए उपयोगी जानकारी प्रदान करता है। यह वेबसाइट अपने आप में अयोध्या की सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत का एक डिजिटल दस्तावेज है।.

@2025- All Right Reserved.  Faizabad Media Center AYODHYA

Next Khabar is a Local news Portal from Ayodhya