तीन सौ शैय्या सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल का हुआ भूमि पूजन

by Next Khabar Team
A+A-
Reset

-जिला प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी भी नहीं रहे मौजूद, विधायक ने कहा-मामले की मुख्यमंत्री से की जाएगी शिकायत

अयोध्या। शहर के रीडगंज रामपथ पर प्रस्तावित तीन सौ शैय्या वाले सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल का भूमि पूजन शुक्रवार को संपन्न हुआ, लेकिन सरकार की इतनी महत्वपूर्ण और बहुचर्चित परियोजना का शुभारंभ जिस तरह किया गया, उसने कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। भूमि पूजन कार्यक्रम में न तो किसी जनप्रतिनिधि की उपस्थिति रही और न ही जिला प्रशासन तथा स्वास्थ्य विभाग के जिम्मेदार अधिकारी मौजूद दिखे। ऐसे में कार्यक्रम को लेकर प्रशासनिक कार्यशैली पर सवाल उठना स्वाभाविक माना जा रहा है।

जानकारी के अनुसार पीडब्ल्यूडी निर्माण खंड-2 के अधिशासी अभियंता सत्येंद्र कुमार त्रिपाठी ने भूमि पूजन की औपचारिकता पूरी की। लेकिन करोड़ों रुपये की इस महत्वाकांक्षी परियोजना के शुभारंभ में जनप्रतिनिधियों और भाजपा नेताओं की अनुपस्थिति पूरे कार्यक्रम को चर्चा का विषय बना गई। उल्लेखनीय है कि अयोध्या विधायक वेद प्रकाश गुप्ता की ओर से सीतापुर आई हॉस्पिटल की भूमि पर सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल निर्माण का प्रस्ताव दिया गया था, जिस पर बाद में प्रदेश कैबिनेट की बैठक में मुहर लगी थी। ऐसे में परियोजना के भूमि पूजन कार्यक्रम की सूचना तक संबंधित जनप्रतिनिधि को न दिया जाना गंभीर लापरवाही के रूप में देखा जा रहा है।

विधायक वेद प्रकाश गुप्ता ने इस मामले पर कड़ी नाराजगी जताते हुए कहा कि विधानसभा क्षेत्र में इतनी बड़ी और महत्वपूर्ण परियोजना के भूमि पूजन की जानकारी जनप्रतिनिधियों को न देना उचित नहीं है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि तीन दिन बाद मुख्यमंत्री के अयोध्या आगमन पर पूरे मामले को उनके संज्ञान में लाया जाएगा और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की जाएगी।

इसे भी पढ़े  36वीं राज्य स्तरीय बेसिक बाल क्रीड़ा प्रतियोगिता का शुभारम्भ

शहर के रामपथ रोड स्थित रीडगंज क्षेत्र में लगभग 163.71 करोड़ रुपये की लागत से 300 शैय्या वाला सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल बनाया जाना है। इस परियोजना के लिए उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से पहली किस्त के रूप में 48 करोड़ रुपये जारी भी किए जा चुके हैं। अस्पताल का निर्माण रामपथ रोड स्थित सीतापुर आंख अस्पताल की भूमि पर ईपीसी मोड के तहत किया जाएगा।

नेक्स्ट ख़बर

अयोध्या और आस-पास के क्षेत्रों में रहने वालों के लिए एक महत्वपूर्ण सूचना स्रोत है। यह स्थानीय समाचारों के साथ-साथ सामाजिक और सांस्कृतिक घटनाओं की प्रामाणिकता को बनाए रखते हुए उपयोगी जानकारी प्रदान करता है। यह वेबसाइट अपने आप में अयोध्या की सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत का एक डिजिटल दस्तावेज है।.

@2025- All Right Reserved.  Faizabad Media Center AYODHYA

Next Khabar is a Local news Portal from Ayodhya