The news is by your side.

कृषि विवि में हुआ किसान मेला और प्रदर्शनी का आगाज

– 50 विभागों ने प्रदर्शनी में लगाए हैं अपने स्टाल

अयोध्या। आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय कुमारगंज के परिसर स्थित डीएवी पब्लिक स्कूल के खेलकूद मैदान पर रविवार को तीन दिवसीय किसान मेला एवं कृषि प्रदर्शनी का आगाज हुआ। सीएम योगी ने फीता काटकर किसान मेला और कृषि प्रदर्शनी तथा
दीप प्रज्वलन कर किसान गोष्ठी का उद्घाटन किया। प्रदेश सरकार की 95 करोड़ की 37 विभिन्न परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास किया।साथ ही विश्वविद्यालय की पूर्वांचल खेती एवं मेला विशेषांक पत्रिका का विमोचन भी किया।
इसके पूर्व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विश्वविद्यालय परिसर स्थित आचार्य नरेंद्र देव की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित की।विशिष्ट अतिथि प्रदेश सरकार के कृषि, कृषि शिक्षा एवं अनुसंधान मंत्री सूर्य प्रताप शाही रहे। उद्घाटन कार्यक्रम में पहुंचे प्रदेश के मुख्यमंत्री का विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ विजेंद्र सिंह एवं कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही द्वारा अंग वस्त्र एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर स्वागत किया गया।
सीएम योगी ने अपने संबोधन में कहा कि समय पर संसाधन प्राप्त होगा तो किसान से जो अपेक्षा रखी जाती है निश्चित ही उसे प्राप्त किया जा सकेगा। उसी के अनुरूप किसानों ने 6 वर्षों में रिकॉर्ड उत्पादन किया है। खेती में तकनीक को जोड़कर ही परिवर्तन लाया जा सकता है। 2014 में नरेंद्र मोदी ने कहा था कि देश के लिए बिना भेदभाव काम करेंगे। 135 करोड़ आबादी के लिए पात्रता निर्धारित करके लाभ पात्रों तक पहुंचाने का काम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार कर रही है। जबकि लाभार्थियों की पात्रता का निर्धारण 2011 एवं 2012 में विपक्षी सरकारों ने किया,लेकिन पात्रों तक सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं पहुंचाया। साढे तीन वर्ष के कार्यकाल के दौरान एक लाख 12 हजार करोड़ मूल्य भुगतान गन्ना किसानों को किया गया। मोदी सरकार किसानों के खाते में सीधे भुगतान कर रही है। 2017 के पहले प्रदेश में बिचौलिया व दलाल हावी रहते थे। पूर्व की समाजवादी पार्टी की सरकार की अपेक्षा उनकी सरकार में रिकॉर्ड तोड़ गेहूं और धान की खरीद हुई। कोरोना काल में भी चीनी मिले नहीं बंद होने दिया। खांडसारी उद्योग चलते रहे। कृषि विभाग की ओर से प्रदेश में कृषि विज्ञान केंद्रों की श्रृंखला खड़ी की जा रही है सर्वाधिक आठ केंद्र नरेंद्र देव कृषि विश्वविद्यालय के तहत खोले गए हैं।सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ
किसानों की आय दोगुनी करने के साथ युवाओं को रोजगार देने, रोजगार से जोड़ने के काम में जुटी हुई । तमाम कल्याणकारी योजनाओं का बखान करते हुए उन्होंने किसानों को अन्नदाता कहकर संबोधित किया और किसानों की दिशा एवं दशा सुधारने का ऐलान किया।
राम मंदिर पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि 500 वर्षों की लंबी पूर्वजों की तमन्ना मोदी ने 5 अगस्त को पूरी कर दी। अब अयोध्या में भगवान श्री राम का भव्य मंदिर बन जाने के बाद अयोध्या पूरे विश्व के पटल में सबके सामने नए कलेवर के रूप में आएगी।

Advertisements

पूर्व की सरकारों में दो-तीन साल तक नहीं होता था भुगतान – सूर्य प्रताप शाही

-किसान सम्मेलन को संबोधित करते हुए कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने कहा कि पूर्ववर्ती सरकारों ने ध्यान दिया होता तो उत्तर प्रदेश का भी किसान पूरे देश में सबसे अग्रणी होता। पूर्व की सरकारों में दो-तीन साल तक गन्ना किसानों का मूल्य भुगतान नहीं हो पाता था।जिसके चलते गन्ना उत्पादन मात्र 600 कुंतल प्रति हेक्टेयर पर सिमट था,लेकिन प्रदेश में भाजपा की सरकार बनने के बाद गन्ना किसानों का एक भी पाई बकाया नहीं है।गन्ना उत्पादन भी 600 कुंतल प्रति हेक्टेयर से बढ़कर 800 कुंतल तक हो गया है। दूध एवं मत्स्य उत्पादन में उत्तर प्रदेश इस समय पूरे देश में नंबर वन पर है। नई खोज नई परियोजनाएं के तहत उत्तर प्रदेश कृषि के क्षेत्र में दिन प्रतिदिन आगे बढ़ रहा है।
कृषि मंत्री ने किसान सम्मेलन के माध्यम से आंदोलित किसानों को संदेश देने के लिए किसानों से जोर से जयकारा लगवाया। साथ ही पीएम मोदी और सीएम योगी तथा भाजपा सरकार का गुणगान किया। कहा कि 95 करोड़ की की 39 परियोजनाएं व्यापक परिवर्तन करेंगी। कृषि वैज्ञानिकों की नई-नई खोज से प्रदेश अब सबसे बड़ा खाद्य उत्पादक प्रदेश हो गया है। कहा कि कृषि शिक्षा के क्षेत्र में अभूतपूर्व सुधार हुए और सभी परियोजनाओं को जमीन पर उतारने का काम हुआ। प्रदेश में अब 89 कृषि विज्ञान केंद्र है जिसमें नरेंद्र देव कृषि विश्वविद्यालय को 8 कृषि विज्ञान केंद्रों की सौगात मिली है।
कृषि राज्यमंत्री लाखन सिंह राजपूत ने प्रदेश सरकार की किसान कल्याण के लिए चलाई गई विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं पर विस्तार से प्रकाश डाला। कहा कि निश्चित ही इस कृषि प्रदर्शन एवं किसान मेले का फायदा क्षेत्र एवं प्रदेश के किसानों को मिलेगा।
सांसद लल्लू सिंह ने कहा कि नरेंद्र मोदी ने सफाई कर्मचारियों का पैर धुल कर एक मिसाल पेश कर दी है जिसके आधार पर यह तय हो गया कि कर्म के आधार पर ही व्यक्ति छोटा अथवा बड़ा बनता है। जाति के आधार पर बड़ा अथवा छोटा नहीं होता। उन्होंने किसान बिल को को लेकर किए जा रहे विरोध प्रदर्शन को विदेशी खड़यंत्र कारियों द्वारा चलाया जा रहा एक विशेष अभियान बताया।
कुलपति डॉ विजेंद्र सिंह ने प्रदेश के मुख्यमंत्री एवं कृषि मंत्री की शान में कसीदे पढ़े और विश्वविद्यालय की उपलब्धियों को गिनाया। भरोसा दिलाया कि निश्चित ही विश्वविद्यालय किसानों को नवीन तकनीकी दिला कर उनकी उत्पादकता बढ़ाने में सहभागी बनेगा।

इसे भी पढ़े  रामलला के दरबार में केरल के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान ने लगाई हाजिरी

विभिन्न योजनाओं के तहत लाभार्थियों को सौंपा चाबी और चेक

– कुमारगंज कृषि विश्वविद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में  सीएम योगी ने प्रमोशन आफ एग्रीकल्चर मैकेनाइजेशन इन सीटू मैनेजमेंट क्रॉप रेसिड्यू योजना 2020- 21 के तहत  मालती देवी कृषक जन कल्याण समिति मसौधा एवं प्रहलाद विकास सेवा समिति मवई को ट्रैक्टर की चाबी सौंपी। उन्नतशील खेती के तहत उत्कृष्ट उत्पादन के लिए किसान रामसिंह, हरीनाथ, नवनीत वर्मा, माया चौधरी, आज्ञाराम वर्मा, सुरेंद्र प्रसाद पाठक व शोएब आजमी को सम्मानित किय। स्वयं सहायता समूह की 5 महिलाओं पुष्पा, सुनीता, संगीता,रेखा तथा गीता को ऋण स्वीकृत प्रमाण पत्र प्रदान किया। ‘एक जनपद एक उत्पाद’ योजना के तहत पूजा सिंह, लवकुश गुप्ता व शिव मोहन पांडेय को सम्मानित कर उन्हें आर्थिक सहायता राशि का चेक प्रदान किया। प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम योजना के तहत धनीराम वर्मा को, मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना के तहत अबरार अहमद को आर्थिक सहायता का चेक प्रदान किया। बैंक ऑफ बड़ौदा से किसान क्रेडिट कार्ड के लाभार्थी किसान अरविंद सिंह, अर्जुन सिंह, उदय प्रकाश सिंह, अब्दुल्ला, विजय प्रकाश तिवारी एवं शीतला प्रसाद को ॠण स्वीकृति प्रमाण पत्र तथा राष्ट्रीय स्वच्छता मिशन योजना के तहत शौचालय के रखरखाव के लिए स्वयं सहायता समूह की नामित महिलाओं को 6 हजार रुपए प्रतिमाह की दर का चेक प्रदान किया। कार्यक्रम का संचालन मौसम वैज्ञानिक डॉ सीताराम मिश्र ने किया। प्रमुख रुप से अपर मुख्य सचिव कृषि डॉ देवेश चतुर्वेदी, गन्ना राज्य मंत्री सुरेश पासी, राज्य मंत्री रविंद्र जायसवाल, अयोध्या सांसद लल्लू सिंह,बाराबंकी सांसद उपेंद्र सिंह रावत, विधायक अयोध्या वेद प्रकाश गुप्ता विधायक बीकापुर शोभा सिंह चौहान, विधायक मिल्कीपुर गोरखनाथ बाबा, विधायक गोसाईगंज प्रताप तिवारी खब्बू, विधायक रुदौली रामचंद्र यादव, मेयर ऋषिकेश उपाध्याय, जिला अध्यक्ष संजीव सिंह, क्षेत्रीय मंत्री शेष नारायण मिश्रा, महानगर अध्यक्ष अभिषेक मिश्रा, जिला अधिकारी अनुज कुमार झा, मुख्य विकास अधिकारी प्रथमेश कुमार डीआईजी / एसएसपी दीपक कुमार,विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष एवं अधिष्ठाता मौजूद रहे।

Advertisements

Comments are closed.