-एसएसवी कॉलेज में आयोजित हुई शिक्षक अभिभावक संघ के शैक्षिक सत्र की प्रथम आमसभा बैठक
अयोध्या। एसएसवी इंटर कॉलेज में गुरुवार को आयोजित शिक्षक अभिभावक संघ के शैक्षिक सत्र 2026-27 के प्रथम आमसभा बैठक को संबोधित करते हुए जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ.पवन कुमार तिवारी ने कहा कि बच्चों के लालन – पालन में अभिभावक जिस तरह की चुनौतियों का सामना करते हैं, उसी तरह की चुनौतियों का सामना प्रधानाचार्य, शिक्षक और शिक्षा विभाग के सामने भी होती है।
टीवी राक्षस : धीरे – धीरे बदल रहा जीवन शैली
जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. तिवारी ने कहा कि वेबसीरीज को देखकर समाज और बच्चों में जो बदलाव आ रहा है, वही बदलाव बच्चे अपने खुद के जीवन में लागू कर रहे हैं। जाहिर है कि ऐसा करते हुए वह संस्कार से विमुख हो रहे हैं। टीवी स्क्रीन एक राक्षस है, जो धीरे – धीरे जीवन शैली बदल रहा है। यह समाज के सामने बड़ी चुनौती है। डीआईओएस डॉ.तिवारी ने कहा कि आज के परिवेश में भले ही बच्चे ज्ञानवान कम बनें लेकिन उन्हें चरित्रवान बनाने की पूरी कोशिश की जानी चाहिए। बच्चों को परिवार की जरूरत है, टीवी या सीरियल की नहीं। इस बात को जितना जल्दी समझना लिया जाए, उतना अच्छा है। अन्यथा बहुत देर हो जाएगी। उन्होंने कहा कि जो आज का मनोरंजन है, वही कल का चरित्र, अनुभव, ज्ञान और शिक्षा बनेगा। ऐसे में सोशल मीडिया से खुद भी दूर रहें और बच्चों को भी दूर रखें। बच्चे की परवरिश और चरित्र स्कूल के ही भरोसे नहीं छोड़े। इस पर स्कूल और परिवार दोनों को ध्यान देना होगा।
श्याम सुन्दर इको क्लब के कार्यों की हुई सराहना
प्रधानाचार्य डॉ. मणि शंकर तिवारी ने कहा कि शिक्षक आंतरिक और अभिभावक वाह्य स्तर पर छात्रों के सर्वांगीण विकास में मददगार होते हैं। दोनों के समन्वय से ही शिक्षण कार्य में सफलता मिलती है। शिक्षक अभिभावक संघ के उपाध्यक्ष के तौर पर प्रधानाचार्य डॉ. तिवारी ने बैठक के एजेंडा बिंदुओं पर भी विस्तार से चर्चा की। उन्होंने आय – व्यय को भी सदन के समक्ष रखा। जिसका सभी ने करतल ध्वनि से अनुमोदन किया। विद्यालय के श्याम सुंदर इको क्लब की ओर से संचालित की जा रही गतिविधियों की अभिभावकों ने मुक्त कंठ से सराहना की। बच्चों की ओर से कराए गए पौधारोपण को भी सराहा गया। अध्यक्षीय उद्बोधन संघ के अध्यक्ष अशुतोष मिश्रा ने व्यक्त किया।
शैक्षिक उन्नयन और गतिविधियों पर बनी आम सहमति
शिक्षक अभिभावक संघ के मंत्री शिक्षक अरुण कुमार दुबे ने पिछली कार्यवाही सभी के समक्ष रखी। जिसका सदन ने सर्व सम्मति से सहर्ष अनुमोदन किया। शैक्षिक उन्नयन की योजना पर भी विचार विमर्श किया गया। अन्य वक्ताओं ने भी कहा की किसी भी विद्यालय की प्रगति उसके शैक्षिक उन्नयन और शैक्षिक गतिविधियों पर निर्भर करती है। जो संघर्ष करते हैं वही सफलता प्राप्त करते हैं। सभी ने शैक्षिक गुणवत्ता में वृद्धि के लिए कई सुझाव दिए और विद्यालय की गतिविधियों समेत पठन-पाठन की सराहना की।
विद्यालय के नवनिर्मित अत्याधुनिक जिम का लोकार्पण

जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ.पवन कुमार तिवारी ने विद्यालय में नवनिर्मित अत्याधुनिक जिम का फीता काटकर लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मस्तिष्क निवास करता है। ऐसे में स्वास्थ्य कारणों के लिए विद्यालय का यह कदम सराहनीय है। जिम में ट्रेडमिल, बटरफ्लाई, स्क्वैड मशीन, साइकिल, डेड लिफ्ट, वेट लिफ्ट, बेंचप्रेस सहित कई उपयोगी उपकरण हैं। जो शिक्षक और विद्यार्थियों के बेहतर स्वास्थ्य के लिए उपयोगी साबित होंगे।
बैठक को शिक्षक अभिभावक संघ के विशेष आमंत्रित सदस्य पूर्व अध्यक्ष रमाकांत पांडेय, पूर्व अध्यक्ष जयसराज वर्मा, राम नेग गौतम और डॉ. धनश्याम यादव, वरिष्ठ शिक्षक सुरेंद्र देव तिवारी, डॉ.देवेंद्र कुमार मिश्रा, वारिज नयन शर्मा, अवधेश सिंह, नंद किशोर उपाध्याय सहित अभिभावक राजेंद्र कुमार दुबे, अमित तिवारी, अजय पाण्डेय, अजीत श्रीवास्तव ने भी संबोधित किया। इस दौरान शिक्षक राजीव शुक्ला, जय प्रकाश चौरसिया, जग प्रसाद मौर्या, रामचंद्र, स्नेहा सिंह, अनुपम कुमार, जयेंद्र पाठक सहित विद्यालय के सभी शिक्षक और 300 से अधिक अभिभावक मौजूद रहे।