दीपोत्सव पर राम की पैड़ी में सजेगी भव्य विजिटर गैलरी, सेल्फी पॉइंट बनेगा आकर्षण का केंद्र

by Next Khabar Team
A+A-
Reset

-त्रेतायुगीन अयोध्या की झलक दिखाएगी डिजाइनर म्यूरल वॉल, दीपों की रोशनी से जगमगाएगा परिसर


अयोध्या। दीपोत्सव के दौरान राम की पैड़ी पर पहुंचने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को जल्द ही एक नया आकर्षण देखने को मिलेगा। यहां विकसित की जा रही भव्य विजिटर गैलरी और सेल्फी पॉइंट परिसर की सुंदरता बढ़ाने के साथ पर्यटकों को यादगार पल संजोने का अवसर देंगे। परियोजना का कार्य तेजी से चल रहा है और इसी माह इसे पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। पर्यटन विभाग की इस महत्वाकांक्षी परियोजना को उत्तर प्रदेश प्रोजेक्ट्स कॉर्पोरेशन लिमिटेड द्वारा क्रियान्वित किया जा रहा है। दीपोत्सव के दौरान पूरा क्षेत्र रोशनी और सजावट से जगमगाने की तैयारी है।

2,367.60 लाख रुपये से विकसित हो रहीं आधुनिक सुविधाएं

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में अयोध्या को विश्वस्तरीय पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। श्रीराम मंदिर में प्राण-प्रतिष्ठा के बाद पर्यटकों की संख्या में हुई अप्रत्याशित वृद्धि को देखते हुए धार्मिक स्थलों पर आधुनिक सुविधाओं के विकास को प्राथमिकता दी जा रही है। राम की पैड़ी पर बन रही विजिटर गैलरी और सेल्फी पॉइंट इसी दिशा में उठाया गया कदम है।

कुल 2,367.60 लाख रुपये की इस परियोजना के तहत दीपोत्सव स्थल पर सीढ़ियों का निर्माण कराया जा रहा है। पूरे क्षेत्र में रेड सैंड स्टोन की डिजाइनर फ्लोरिंग के साथ बड़े आकार के आकर्षक डिजाइनर कांच के दीये, सूर्य स्तंभ, डिजाइनर छतरियां, प्लांटेशन स्थल और बोलार्ड लाइट्स विकसित की जा रही हैं। इन सुविधाओं से परिसर की सुंदरता बढ़ने के साथ पर्यटकों को बेहतर अनुभव मिलने की उम्मीद है।

इसे भी पढ़े  रक्तदान में संकल्प संस्थान को मिला प्रथम स्थान

सेल्फी पॉइंट पर पर्यटक संजो सकेंगे यादगार पल

राम की पैड़ी पर विकसित हो रही विजिटर गैलरी और सेल्फी पॉइंट पर्यटकों के आकर्षण का नया केंद्र बनेंगे। यहां की सजावट और आधुनिक सुविधाएं श्रद्धालुओं को आरामदायक अनुभव देने के साथ अयोध्या की यात्रा से जुड़ी यादों को संजोने का अवसर प्रदान करेंगी।

परियोजना प्रबंधन से जुड़े मनोज कुमार शर्मा ने बताया कि परियोजना का काम पूरा होने के साथ दीपोत्सव की तैयारियां भी अंतिम चरण में पहुंच रही हैं। लाखों दीपों से जगमगाता यह क्षेत्र पर्यटकों को आकर्षित करेगा। इन सुविधाओं से श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सहूलियत बढ़ेगी तथा अयोध्या की छवि और निखरेगी। यह परियोजना अयोध्या को वैश्विक पर्यटन मानचित्र पर और मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

म्यूरल वॉल पर दिखेगी त्रेतायुगीन अयोध्या की छटा

राम की पैड़ी परिसर में बनाई जा रही डिजाइनर म्यूरल वॉल भी विशेष आकर्षण का केंद्र बनेगी। इस पर धार्मिक स्थलों, त्रेतायुगीन मंदिरों और दीपों के आकर्षक चित्र उकेरे गए हैं। इन कलात्मक चित्रों के माध्यम से अयोध्या की प्राचीन धार्मिक विरासत और प्रभु श्रीराम के युग की सांस्कृतिक छटा को जीवंत रूप देने का प्रयास किया गया है। दीपोत्सव के दौरान रोशनी से सजे परिसर में यह म्यूरल वॉल श्रद्धालुओं और पर्यटकों को आकर्षित करेगी। पारंपरिक धार्मिक विरासत और आधुनिक सुविधाओं का यह संगम राम की पैड़ी की सुंदरता को नया आयाम देने के साथ अयोध्या के पर्यटन अनुभव को और यादगार बनाने में सहायक होगा।

नेक्स्ट ख़बर

अयोध्या और आस-पास के क्षेत्रों में रहने वालों के लिए एक महत्वपूर्ण सूचना स्रोत है। यह स्थानीय समाचारों के साथ-साथ सामाजिक और सांस्कृतिक घटनाओं की प्रामाणिकता को बनाए रखते हुए उपयोगी जानकारी प्रदान करता है। यह वेबसाइट अपने आप में अयोध्या की सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत का एक डिजिटल दस्तावेज है।.

@2025- All Right Reserved.  Faizabad Media Center AYODHYA

Next Khabar is a Local news Portal from Ayodhya