-मिल्कीपुर तहसील में आयी कुल 161 शिकायतें 11 का मौके पर हुआ निस्तारण
अयोध्या। जिलाधिकारी निखिल टीकाराम फुंडे ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ गौरव ग्रोवर के साथ तहसील मिल्कीपुर में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी ने समाधान दिवस के दौरान व्यक्तिगत रूप से प्रत्येक फरियादी की बात ध्यानपूर्वक सुनी और संबंधित अधिकारियों को तत्काल आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए। तहसील मिल्कीपुर में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान शिकायतकर्ता ग्राम पंचायत अगरवा में राशन कार्ड में नाम न जोड़ने की शिकायत की है, जिस पर जिलाधिकारी ने पूर्ति निरीक्षक को जांच कर राशन कार्ड बनाने को कहा।
शिकायतकर्ता ग्राम पंचायत चांदपुर में जमीन की पैमाइस कराने की शिकायत की, जिस पर जिलाधिकारी ने तहसीलदार को टीम बनाकर जांच कराकर आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिये। इसी तरह ग्राम पंचायत बरईपारा में भूमि विवाद व ग्राम पंचायत तरौली में रास्ते को बंद करने की शिकायत की जिस पर जिलाधिकारी ने सम्बंधित अधिकारियों को न्यायोचित कार्यवाही करने के निर्देश दिये। जिलाधिकारी ने मिल्कीपुर सम्पूर्ण समाधान दिवस में आज कुल 161 शिकायतें प्राप्त हुई, जिसमें से 11 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया।
तहसील दिवस में मुख्यतः भूमि विवाद, राजस्व, सड़क, जल आपूर्ति, शिक्षा, स्वास्थ्य, राशन, पेंशन आदि से संबंधित अधिकतर शिकायतें प्राप्त हुईं, इसके निस्तारण हेतु संबंधित विभाग के अधिकारियों को गुणवत्तापूर्ण व समयबद्ध ढंग से निस्तारण के निर्देश दिए गए। सम्पूर्ण समाधान दिवस में जिला पूर्ति अधिकारी, उपजिलाधिकारी मिल्कीपुर, क्षेत्राधिकारी मिल्कीपुर, खण्ड विकास अधिकारी मिल्कीपुर, तहसीलदार मिल्कीपुर व अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।
सोहावल में आयी 135 शिकायते, पांच का मौके पर निस्तारण
सोहावल-। शनिवार को सोहावल तहसील में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस पर सुनवाई कर रहे अपर जिलाधिकारी प्रशासन अनिरुद्ध प्रताप सिंह बंदीदासपुर लेखपाल कृष्णा देवी और राजस्व निरीक्षक शोभा राम यादव पर नाराजगी जताई। इनके विरुद्ध उप जिलाधिकारी को जांच और कार्रवाई के निर्देश देते हुए दोनों को फटकार लगाई। मामला गांव निवासी फूलन देवी बनाम राम चंद्र मामले में धारा 116 के अंतर्गत लेखपाल द्वारा लगाई गई घर बैठे रिपोर्ट को लेकर सामने आया जिसे एडीएम ने पकड़ लिया।
भूमि का बैनामा लेकर कब्जा न पाने वाली शिकायतकर्ता की पैमाइश जांच रिपोर्ट में लिखा गया भूमि पर कब्जा न वादी का है ना ही प्रतिवादी का है तब कब्जा किसका है?यह लेखपाल व राजस्व निरीक्षक नहीं बता पाए। लगभग आधे घंटे फटकार के बाद मामले की जांच और कार्रवाई के लिए एसडीएम को निर्देशित कर दिया। इस दौरान कल 135 शिकायतें आईं। जिसमें पांच शिकायतों का मौके पर निस्तारण कराया गया।शेष शिकायती पत्रों को निस्तारण के लिये सम्बन्धित को सौंपा गया।
इस अवसर पर उप-जिलाधिकारी सोहावल सविता देवी, तहसीलदार प्रदीप कुमार सिंह, नायब तहसीलदार रेशू जैन, खण्ड विकास अधिकारी अनुपम वर्मा, बाल विकास परियोजना अधिकारी डाक्टर अनीता सोनकर,खाद्य एवं रसद विभाग से पूजा सिंह सहित अन्य विभागों के अधिकारी कर्मचारी राजस्व कर्मी शामिल रहे।