डॉ. बिजेंद्र सिंह दोबारा बने कृषि विश्वविद्यालय के कुलपति

by Next Khabar Team
A+A-
Reset

मिल्कीपुर। आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय में तीन साल का कार्यकाल खत्म होने के बाद एक बार फिर कुलाधिपति आनंदी बेन पटेल ने डा. बिजेंद्र सिंह को कृषि विवि का कुलपति नियुक्त किया है। यह निर्णय कुलाधिपति ने उत्कृष्ट कार्यों एवं विश्वविद्यालय की विभिन्न महत्वपूर्ण उपलब्धियों को देखते हुए लिया है।

डा. सिंह सितंबर 2019 से विश्वविद्यालय में कुलपति के पद का दायित्व संभाल रहे हैं। उत्तर प्रदेश कृषि अनुसंधान परिषद, लखनऊ में महानिदेशक के पद पर रहते हुए डा. बिजेंद्र ने आचार्य नरेंद्र देव में कुलपति का अतिरिक्त प्रभार ग्रहण किया था। इसके बाद कुलपति को 26 मार्च 2020 में डा. बिजेंद्र सिंह को पूर्णकालिक कुलपति बनाया गया था। 26 मार्च 2023 को कुलपति का कार्यकाल खत्म होने के बाद कुलाधिपति ने एक बार फिर नियमित कुलपति नहीं होने तक डा. बिजेंद्र सिंह को आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिक विवि की जिम्मेदारी दे दी थी। डा. सिंह चंद्रशेखर कृषि एवं प्रौद्योगिक विवि कानपुर के कुलपति पद की अतिरिक्त जिम्मेदारी संभाल रहे थे।

डा. बिजेंद्र सिंह कई उच्च पदों पर हासिल कर चुके हैं मुकाम

डॉ. बिजेंद्र सिंह

डा. बिजेंद्र सिंह मूलरूप से उत्तर प्रदेश के मऊ जिले के निवासी हैं। इन्होंने पीएचडी काशी हिंदू विश्वविद्यालय के कृषि विज्ञान संस्थान से की। डा. बिजेंद्र सिंह का चयन कृषि वैज्ञानिक पद पर भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद, नई दिल्ली में हुआ था। वे भारतीय सब्जी अनुसंधान संस्थान वाराणसी के निदेशक रहने के साथ-साथ उत्तर प्रदेश भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद में महानिदेशक के पद पर भी रह चुके हैं।

राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर बना चुके हैं अपनी पहचान

डा. बिजेंद्र सिंह सितंबर-2019 से आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय के कुलपति का पदभार संभाल रहे हैं। इससे पहले वे सब्जी की कुल 54 प्रजातियों को विकसित कर अपने नाम एक नया कीर्तिमान बना चुके हैं। लाल भिंडी की प्रजाति विकसित करने के बाद कुलपति सुर्खियों में आए।

इसे भी पढ़े  सहफसली खेती अपनाकर अपनी आय बढ़ायें किसान : बलदेव सिंह औलख

इसके अतिरिक्त उन्होंने चिकनी तरोई, लौकी, मूली का चार-चार, फूलगोभी व टमाटर की तीन-तीन, बथुआ व गाजर की दो-दो प्रजातियां विकसित की। डा. बिजेंद्र ने उत्पादक किसानों की सुविधा के दृष्टिगत टाटा कंसलटेंसी के सहयोग से देश का पहला सब्जी ज्ञान मोबाइल ऐप विकसित कर चुके हैं।

स्वच्छ एवं साफ पर्यावरण के क्षेत्र में दिल्ली की एलियन प्राइवेट लिमिटेड कंपनी विश्वविद्यालय को प्रमाण पत्र दे चुकी है। केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर उत्कृष्ट कार्य के लिए कृषि विश्वविद्यालय द्वारा संचालित केवीके बस्ती को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित कर चुके हैं। वहीं दूसरी तरफ राज्यमंत्री केपी मलिक कुलपति को क्लीन एंड ग्रीन केंपस के अवार्ड से सम्मानित कर चुके हैं।

नेक्स्ट ख़बर

अयोध्या और आस-पास के क्षेत्रों में रहने वालों के लिए एक महत्वपूर्ण सूचना स्रोत है। यह स्थानीय समाचारों के साथ-साथ सामाजिक और सांस्कृतिक घटनाओं की प्रामाणिकता को बनाए रखते हुए उपयोगी जानकारी प्रदान करता है। यह वेबसाइट अपने आप में अयोध्या की सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत का एक डिजिटल दस्तावेज है।.

@2025- All Right Reserved.  Faizabad Media Center AYODHYA

Next Khabar is a Local news Portal from Ayodhya