-सरायरासी 19 से 27 मार्च तक आयोजित होगा श्रीराम कथा महोत्सव
अयोध्या। जिला पंचायत अध्यक्ष रोली सिंह एवं उनके प्रतिनिधि आलोक सिंह रोहित ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कर सरायरासी स्थित उनके आवास पर आयोजित होने वाले श्री रामकथा महोत्सव में शामिल होने का निमंत्रण दिया। यह रामकथा 19 मार्च से 27 मार्च तक आयोजित की जाएगी, जिसमें श्रीराम जन्मभूमि ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष स्वामी गोविंददेव गिरि जी महाराज कथा का वाचन करेंगे। रामकथा के आयोजन को लेकर क्षेत्र में तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।
मुलाकात के दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष रोली सिंह ने मुख्यमंत्री को क्षेत्र में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों की अद्यतन स्थिति से भी अवगत कराया। उन्होंने बताया कि जिला पंचायत के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में सड़कों के निर्माण और मरम्मत, नालों के निर्माण, पेयजल व्यवस्था को बेहतर बनाने तथा अन्य बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने के लिए निरंतर कार्य कराए जा रहे हैं। इन विकास कार्यों का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को बेहतर आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना और क्षेत्र के समग्र विकास को गति देना है।
जिला पंचायत अध्यक्ष के प्रतिनिधि आलोक सिंह रोहित ने बताया कि सरायरासी में आयोजित होने वाला श्री रामकथा महोत्सव धार्मिक और सांस्कृतिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण आयोजन होगा। उन्होंने कहा कि नौ दिनों तक चलने वाली इस रामकथा में अयोध्या सहित आसपास के जिलों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। आयोजन स्थल पर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए व्यापक व्यवस्थाएं की जा रही हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री को कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आमंत्रित करते हुए कहा कि उनके आगमन से क्षेत्रवासियों में विशेष उत्साह का संचार होगा और आयोजन की गरिमा और भी बढ़ेगी।
राष्ट्रपति के प्रस्तावित दौरे से पहले अयोध्या पहुंचेंगे सीएम योगी, तैयारियों का करेंगे निरीक्षण
अयोध्या। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरुवार को अयोध्या के दौरे पर रहेंगे। महामहिम राष्ट्रपति के प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर मुख्यमंत्री यहां पहुंचकर तैयारियों का स्थलीय निरीक्षण करेंगे और अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक भी करेंगे।निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरुवार को लगभग सुबह 10:05 बजे अयोध्या पहुंचेंगे।
हनुमानगढ़ी और श्रीराम जन्मभूमि में करेंगे दर्शन-पूजन
यहां पहुंचने के बाद वह सबसे पहले हनुमानगढ़ी मंदिर में दर्शन-पूजन करेंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री राम जन्मभूमि मंदिर में भी भगवान श्रीराम के दर्शन कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना करेंगे।
राष्ट्रपति के कार्यक्रम स्थल का करेंगे निरीक्षण
दर्शन-पूजन के बाद मुख्यमंत्री 19 मार्च को प्रस्तावित महामहिम राष्ट्रपति के कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण करेंगे। इस दौरान वह वहां की व्यवस्थाओं, सुरक्षा, यातायात तथा अन्य जरूरी तैयारियों का जायजा लेंगे।
अधिकारियों के साथ होगी समीक्षा बैठक
इसके बाद मुख्यमंत्री श्री राम जन्म भूमि परिसर में बने (पी.एफ.सी. सभागार) में अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक करेंगे। बैठक में राष्ट्रपति के अयोध्या आगमन को लेकर सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, साफ-सफाई, पार्किंग, प्रोटोकॉल व्यवस्था और अन्य व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा की जाएगी। निरीक्षण और बैठक के बाद मुख्यमंत्री दोपहर लगभग 12 बजे अयोध्या से लखनऊ के लिए रवाना हो जाएंगे।