-वित्तीय एवं भौतिक प्रगति साथ-साथ सुनिश्चित करने, कार्यों में गुणवत्ता एवं पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ दिलाने के निर्देश
अयोध्या। जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने कलेक्ट्रेट सभागार में नगर विकास एवं जिला नगरीय विकास अभिकरण (डूडा) के कार्यों की समीक्षा बैठक की। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी प्रशासन विशु राजा सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
जिलाधिकारी ने नगर क्षेत्र में संचालित विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि सभी कार्यों में वित्तीय एवं भौतिक प्रगति समान रूप से सुनिश्चित की जाए तथा प्रत्येक कार्य गुणवत्तापूर्ण एवं निर्धारित समयावधि में पूर्ण कराया जाए।
उन्होंने नगर पंचायतों में तालाबों की नीलामी की आवश्यक कार्यवाही समय से पूर्ण कराते हुए नीलामी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही नगर पंचायतों की दुकानों की नीलामी कराने एवं उनका मार्केट रेट निर्धारित करने तथा राजस्व वसूली को समयबद्ध ढंग से सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने नगर क्षेत्रों को अतिक्रमण मुक्त कराने के साथ-साथ पार्कों के निर्माण एवं सौंदर्यीकरण, प्लास्टिक मुक्त अभियान तथा साफ-सफाई से संबंधित कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन को शत-प्रतिशत सुनिश्चित करने तथा गौशालाओं के लिए भूमि का चिन्हांकन समय से पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नगरीय क्षेत्रों में स्वच्छता एवं नागरिक सुविधाओं से जुड़े कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही न हो।
डूडा के कार्यों की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने मलिन बस्तियों में संचालित कार्यों को समय से पूर्ण कराने तथा आवश्यक कार्ययोजनाओं को शीघ्र स्वीकृत कराने के निर्देश दिए। उन्होंने पात्र लाभार्थियों को आवास योजना का लाभ दिलाने के साथ ही आवासों की जियो टैगिंग का कार्य भी समयबद्ध रूप से पूर्ण कराने को कहा।
जिलाधिकारी ने सीएम डैशबोर्ड के सभी इंडिकेटर्स में प्रगति बढ़ाने के निर्देश देते हुए कहा कि संबंधित अधिकारी नियमित रूप से योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करें और जिन बिंदुओं पर अपेक्षित प्रगति नहीं है, उनमें विशेष प्रयास करते हुए समयबद्ध सुधार सुनिश्चित करें।