उफनाए ऋषि टोला नाले पर हुआ हादसा,अनियंत्रित होकर पलटी ऑटो

by Next Khabar Team
A+A-
Reset

-खुले नाले के होल ने खोली नगर निगम की व्यवस्था की पोल

अयोध्या। बुधवार को हुई भारी बारिश के बीच शहर के फतेहगंज स्थित ऋषि टोला में नाला उफना जाने से बड़ा हादसा हो गया। नाले के ऊपर बनी सड़क पर खुले पड़े नाले के होल की वजह से यात्रियों से भरा एक ऑटो अनियंत्रित होकर नाले में पलट गया। हादसे के समय ऑटो में करीब 6 से 8 लोग सवार बताए जा रहे हैं, जिनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल थे।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, तेज बारिश के कारण नाला पानी से लबालब भर गया था। नाले के ऊपर बनी सड़क पर नाले का होल खुला हुआ था और बारिश के पानी के कारण वह दिखाई नहीं दे रहा था। इसी दौरान ऑटो चालक का वाहन खुले होल की चपेट में आ गया और ऑटो नाले में पलट गया।
ऑटो के नाले में गिरते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल राहत और बचाव का प्रयास शुरू किया। लोगों की मदद से ऑटो में सवार महिलाओं और बच्चों समेत सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। गनीमत रही कि हादसे में कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ और सभी यात्री बाल-बाल बच गए।

हादसे के बाद स्थानीय लोगों में नगर निगम के खिलाफ नाराजगी देखने को मिली। लोगों का आरोप है कि नाले के ऊपर सड़क तो बना दी गई, लेकिन नाले के खुले होल को सुरक्षित तरीके से ढकने या उसकी बैरिकेडिंग की व्यवस्था नहीं की गई। भारी बारिश में जब नाला उफनाया तो सड़क और खुले होल के बीच अंतर करना मुश्किल हो गया, जिससे यह हादसा हुआ।

इसे भी पढ़े  वोट की चोरी के आरोप पर अयोध्या में गरजी सपा, ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग

स्थानीय लोगों का कहना है कि शहर में बारिश के दौरान जलभराव और खुले नालों की समस्या पहले भी सामने आती रही है। इसके बावजूद जिम्मेदार विभाग की ओर से खुले नालों और खतरनाक स्थानों को सुरक्षित करने के लिए पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए।

फतेहगंज ऋषि टोला में हुए इस हादसे ने एक बार फिर नगर निगम की बारिश से पहले की तैयारियों और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने खुले नाले के होल को तत्काल बंद कराने और ऐसे सभी खतरनाक स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था करने की मांग की है, ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे को रोका जा सके।

नेक्स्ट ख़बर

अयोध्या और आस-पास के क्षेत्रों में रहने वालों के लिए एक महत्वपूर्ण सूचना स्रोत है। यह स्थानीय समाचारों के साथ-साथ सामाजिक और सांस्कृतिक घटनाओं की प्रामाणिकता को बनाए रखते हुए उपयोगी जानकारी प्रदान करता है। यह वेबसाइट अपने आप में अयोध्या की सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत का एक डिजिटल दस्तावेज है।.

@2025- All Right Reserved.  Faizabad Media Center AYODHYA

Next Khabar is a Local news Portal from Ayodhya