-महानगर कांग्रेस कमेटी ने नगर आयुक्त को सौंपा ज्ञापन
अयोध्या। बढ़ती ठंड को देखते हुए महानगर कांग्रेस कमेटी अयोध्या के अध्यक्ष सुनील कृष्णा गौतम ने नगर निगम प्रशासन से फैजाबाद-अयोध्या नगर क्षेत्र में तत्काल अलाव की समुचित व्यवस्था कराने की मांग की है। इस संबंध में उन्होंने अयोध्या नगर निगम के आयुक्त को एक ज्ञापन सौंपा। महानगर अध्यक्ष सुनील कृष्ण गौतम ने कहा कि लगातार गिरते तापमान के कारण राहगीरों, आम नागरिकों, फुटपाथ पर जीवन यापन करने वाले जरूरतमंद लोगों तथा रात्रि में कार्य करने वाले श्रमिकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में नगर निगम की जिम्मेदारी बनती है कि वह ठंड से बचाव के लिए त्वरित कदम उठाए।
उन्होंने कहा कि फैजाबाद एवं अयोध्या के समस्त प्रमुख चौराहों के साथ-साथ दोनों शहरों में स्थित सभी ओवरब्रिज के नीचे अनिवार्य रूप से अलाव जलाए जाने चाहिए, क्योंकि ये स्थान अत्यधिक भीड़भाड़ वाले और रात्रिकालीन आवागमन के प्रमुख केंद्र हैं। यहां अलाव की व्यवस्था होने से आम जनता को ठंड से राहत मिलेगी तथा ठंड के कारण होने वाली दुर्घटनाओं और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से भी बचाव संभव होगा।
सुनील कृष्ण गौतम ने नगर निगम प्रशासन से मांग की कि जनहित को ध्यान में रखते हुए शीघ्रातिशीघ्र अलाव की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि आमजन को इस भीषण ठंड में राहत मिल सके। इस अवसर पर प्रमुख रूप से पूर्व पार्षद जनार्दन मिश्रा, महानगर महासचिव अशोक कुमार राय, सेवादल महानगर अध्यक्ष बसंत मिश्रा, युवा कांग्रेस जिला अध्यक्ष रामेंद्र त्रिपाठी, अनिल सोनकर, विजय श्रीवास्तव, विशाल दुबे, इंद्रप्रकाश पांडे आदि उपस्थित रहे।