मंडल कमीशन के सूत्रधार वीपी मंडल की 101वीं जयंती 25 को मनाएगी सपा
अयोध्या। समाजवादी पार्टी मंडल कमीशन के सूत्रधार वीपी मंडल की 101वीं जयंती 25 अगस्त को मनाएगी। जन्मदिन समारोह मनाने के लिए तैयारी बैठक को संबोधित करते हुए सपा जिलाध्यक्ष गंगासिंह यादव ने कहा कि पिछड़ों को प्रतिनिधित्व देने के लिए मंडल कमीशन के अध्यक्ष के रूप में मंडल साहब का योगदान अमूल्य है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के निर्देश पर पूरे प्रदेश में मंडल साहब का 101वां जन्मदिन समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता मनाएंगे और उनके योगदान को जनता तक ले जाने का काम करेंगे। सपा जिलाध्यक्ष ने कहा कि मंडल आयोग की सिफारिशें एक तो पिछड़ों की आबादी के अनुसार नहीं लागू की गईं दूसरी आधी अधूरी लागू की गई हैं तीसरी बात पिछड़ों के आरक्षण को समाप्त करने की साजिश हो रही है। श्री यादव ने कहा कि पिछड़ों को आरक्षण न देना पड़े इसके लिए तमाम साजिशें भी की जा रही हैं। अनारक्षित सीटों पर मेरिट में आने के बावजूद नहीं लिया जाता है। सपा जिलाध्यक्ष ने सभी विधानसभा अध्यक्षों से पार्टी के सभी कार्यकर्ताओं को अवगत कराने तथा कार्यक्रम में लाने के लिए प्रेरित करने को कहा। बैठक का आयोजन पिछड़ा वर्ग के जिला अध्यक्ष त्रिभुवन प्रजापति ने किया। छोटेलाल यादव, विजय बहादुर वर्मा, विधानसभा अध्यक्ष कृष्ण कुमार पटेल, शिवबरन यादव, छोटे लाल यादव, निर्मल वर्मा, जगन्नाथ पाल, अनिल यादव, अमृत लाल, राम पाल यादव, इन्द्रसेन मौर्य आदि लोग उपस्थित थे।