अमानीगंज। क्षेत्र में सप्ताह भर से बिजली की कम आपूर्ति को लेकर हाहाकार मचा हुआ है। कड़ी धूप और उमस भरी गर्मी में विद्युत आपूर्ति न होने से लोग परेशान हैं। लोगों का आरोप है कि उन्हें बमुश्किल तीन-चार घंटे ही आपूर्ति मिल रही है। आपूर्ति कम होने से किसानों की धान की रोपाई प्रभावित हो रही है। गुरुवार को ग्रामीणों ने मिल्कीपुर विधायक चन्द्रभानु पासवान को ज्ञापन देकर विद्युत आपूर्ति व्यवस्था ठीक कराने का अनुरोध किया।
अमानीगंज उपकेंद्र के अंतर्गत चल रहे जयराजपुर फीडर की विद्युत लाइन जर्जर होने के कारण आए दिन खराबी आ जाती है जिससे उपभोक्ताओं को समुचित आपूर्ति नहीं मिल पा रही है।
उपभोक्ता वर्षों से इस बात की शिकायत जनप्रतिनिधियों और बिजली विभाग के अधिकारियों से कर रहे हैं। लेकिन अब जब भीषण गर्मी के बीच आपूर्ति व्यवस्था चरमराई तो लोगों का गुस्सा भी आसमान पहुंच गया और जयराजपुर फीडर के अंतर्गत लगभग 20 गांव के उपभोक्ताओं ने उपकेंद्र पर धरना प्रदर्शन करने की घोषणा कर दी। इसकी भनक लगते ही बिजली विभाग के अधिकारियों ने 24 घंटे के भीतर आपूर्ति ठीक करने का आश्वासन देकर लोगों को समझाया।
वहीं प्रधान संघ के पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष जितेंद्र सिंह बबलू, ग्राम प्रधान अजय सिंह, युवा नेता धनंजय सिंह, व्यापारी नेता अमरनाथ गुप्ता, प्रधान प्रतिनिधि सर्वेश सिंह आदि ग्रामीणों ने विधायक चंद्रभानु पासवान को ज्ञापन देकर जयराजपुर फीडर के आधा दर्जन गांवों के लिए नई लाइन बनाए जाने का अनुरोध किया। विधायक ने फोन पर एक से वार्ता कर नई लाइन स्वीकृत करने का निर्देश दिया। एक ने दो दिन में नई लाइन बनाकर सुचारू रूप से आपूर्ति करने का आश्वासन दिया।
अघोषित कटौती और लो वोल्टेज से मचा त्राहिमाम
बारुन।मिल्कीपुर विकासखंड के दर्जनों गांवों में बीते 24 घंटे से अघोषित बिजली कटौती और लो वोल्टेज की समस्या बनी हुई है। इससे उपभोक्ता भीषण गर्मी में परेशान हैं। बारुन बाजार, देवरिया, मेहदौना, रजऊपुर खिहारन,सफदरभारी, सुरवारा, मीठेगांव, कुचेरा, सारी, खजुरी मिर्जापुर, रसूलपुर, करम डांडा सहित दर्जनों गांवों में बिजली आपूर्ति ध्वस्त है। बुधवार रात को अधिकांश समय बिजली गुल रही, और जब आपूर्ति बहाल हुई तो अत्यधिक लो वोल्टेज की समस्या बनी रही।
भीषण उमस भरी गर्मी के कारण ग्रामीणों को रात जागकर बितानी पड़ी। गुरुवार दिन में भी लो वोल्टेज की समस्या जारी रही, जिससे घरों में पानी की टंकियां सूख गईं। मोटर न चल पाने के कारण पानी की किल्लत हो गई, और पंखे-कूलर भी काम नहीं कर पा रहे हैं।
उपभोक्ताओं का आरोप है कि विद्युत व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। सर्वादीन यादव, अरशद खान मेहदौना, कमर अब्बास, पप्पू चौहान, मोहम्मद आरिफ, अशोक कुमार और सतीश यादव सहित अन्य उपभोक्ताओं ने बिजली व्यवस्था में तत्काल सुधार की मांग की है।