-प्रयागराज हाइवे पर लंगड़ा की चौकी के पास हुई दुर्घटना
अयोध्या। प्रयागराज हाइवे पर पूरा कलंदर थाना क्षेत्र में लंगड़ा की चौकी के पास एक कार गन्ना लदी ट्रैक्टर-ट्राली में पीछे से जा भिड़ी। हादसे में कार क्षतिग्रस्त हो गई और इंटर कालेज के एक प्रवक्ता समेत चार लोग घायल हो गए। घायलों को शुक्रवार भोर जिला अस्पताल लाया गया। जहां परीक्षण के बाद हालत गंभीर देख इमरजेंसी ड्यूटी पर तैनात डाक्टर वीरेंद्र वर्मा ने सभी को उपचार के लिए भर्ती किया है।
बताया गया कि प्रतापगढ़ जनपद के मूल निवासी सतीश वर्मा (35 वर्ष) पुत्र दयाराम वर्मा जिले के किसान इंटर कॉलेज तारुन में प्रवक्ता हैं। गुरुवार की रात वह सुनील चौधरी (27 वर्ष) पुत्र शिवनाथ निवासी नागपाली थाना तारुन, आर्यन चौधरी (18 वर्ष) पुत्र पप्पू चौधरी निवासी दत्त का पुरवा थाना कैंट,अभिषेक यादव (18 वर्ष) पुत्र राजेश यादव निवासी मलिकपुर मजरे कादीपुर के साथ शहर से कार से वापस आ रहे थे।
इसी दौरान उनकी कार लंगड़ा की चौकी के पास गन्ना लदी ट्रैक्टर-ट्राली में टकरा गई। हादसे के बाद गन्ना ट्राली भी पलट गई चारों लोग घायल हो गए। पुलिस ने एंबुलेंस से सभी चारों घायलों को जिला अस्पताल भेजवाया। इमरजेंसी ड्यूटी पर तैनात डाक्टर वीरेंद्र वर्मा ने बताया कि दुर्घटना में घायल शिक्षक समेत चार को भोर जिला अस्पताल लाया गया था।
सभी को इलाज के लिए भर्ती किया गया है। पूरा कलंदर थाने के प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार शर्मा ने बताया कि तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर ली जाएगी।