राम मन्दिर के बाद अयोध्या में बने बुद्ध का मन्दिर : रामदास आठवले

by Next Khabar Team
A+A-
Reset

रिपब्लिकन पार्टी आफ इण्डिया में शामिल हुए दर्जनो लोग

अयोध्या। सुप्रीम कोर्ट के फैसले से श्रीराम मन्दिर निर्माण का मार्ग खुल गया है। हम सरकार से मांग कर रहे हैं कि धर्म नगरी अयोध्या में बुद्ध का भी भव्य मन्दिर बनवाया जाय जिससे दुनिया के बौद्ध धर्म के अनुयायी अयोध्या पहुंचे। उक्त् विचार सर्किट हाउस में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान रिपब्लिकन पार्टी आफ इण्डिया के राष्ट्रीय अध्यक्ष व केन्द्रीय राज्य मंत्री सामाजिक न्याय व अधिकारिता रामदास आठवले ने व्यक्त किया।
उन्होंने कहा कि चौधरी चरण सिंह की जब उत्तर प्रदेश में सरकार थी तो उस समय आर.पी.आई. के 19 विधायक उत्तर प्रदेश में चुने गये। बहुजन समाज पार्टी जब प्रभुत्व में आयी तो उसने आरपीआई के वजूद को समाप्त कर डाला। बसपा ने दलित मतदाताओं के दम पर उत्तर प्रदेश की सत्ता को हथियाया बाद में बसपा ने जिन मतदाताओं के दम पर सत्ता में काबिज हुई उन्हीं के साथ धोखा दिया। दलित समाज बसपा की हकीकत को समझ गया है यही वजह है कि उसका रूख आरपीआई की ओर होने लगा है।
उन्होंने कहा कि केन्द्र में काबिज नरेन्द्र मोदी की सरकार सबका साथ सबका विकास की नीति पर चल रही है। नागरिकता संशोधन कानून लाकर उसने पीड़ित हिन्दू, सिक्ख, बौद्ध, सिन्धी आदि समुदाय के लोगों को भारत में बसने और नागरिकता प्राप्त करने मार्ग खोला है। दूसरी ओर कांग्रेस मुस्लिम समाज को यह कहकर गुमराह कर रही है कि इस कानून के जरिये भाजपा सरकार उनकी नागरिकता को समाप्त कर देगी। मुस्लिम समाज कांग्रेस के भुलावे में आकर विरोध कर रही है जबकि सच्चाई यह है कि एनआरसी केवल उन लोगों के लिए है जो विदेश में रह रहे हैं और भारत आकर रहना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि बाबा साहब भीमराव अम्बेडकर ने आरपीआई को स्थापित किया था उनका उद्देश्य था कि समाज में फैला नफरत, भेदभाव, आतंकवाद, नक्सलवाद, समाप्त हो और लोग अम्बेडकरवाद को स्वीकार करें। हम नक्सलवादियों से भी अपील कर रहे हैं कि वह हिंसा का रास्ता छोड़ें और समाज की धारा से जुड़ें। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश भ्रमण का हमारा उद्देश्य है कि यहां संगठन इतना मजबूत कर लिया जाय जिससे भाजपा गठबंधन आरपीआई को उत्तर प्रदेश विधान सभा चुनाव में कम से कम 8-10 सीट दे दे। हम आगामी चुनाव में भी भाजपा के साथ ही रहेगे। पत्रकार वार्ता के दौरान आरपीआई के राष्ट्रीय महासचिव उमर सलमानी, प्रदेश अध्यक्ष पवन गुप्ता और प्रदेश प्रवक्ता असगर आलम भी मौजूद थे।
इस मौके पर राष्ट्रीय अध्यक्ष राम दास आठवाले की मौजूदगी में जमात-ए-सलमानी के फरीद सलमानी के नेतृतव में दर्जनों लोगों ने आरपीआई की सदस्यता ग्रहण किया। सदस्याता ग्रहण करने वालों में बाबू भाई कुरैशी, डा. शौकत अली, जमील सलमानी, चांद सलमानी, रियासत अली शाह, तुफैल सलमानी, जमील सलमानी, मो. अली सलमानी, समीम सलमानी, तनवीर सलमानी, इकबाल सलमानी, उत्तम चन्द्र सविता आदि शामिल थे। इसके अलावां हरिश्चन्द्र यादव, बुद्धि सागर, डिगई राम, मो. अजहर, अशोक शुक्ला ने भी आरपीआई की सदस्यता ग्रहण किया।

नेक्स्ट ख़बर

अयोध्या और आस-पास के क्षेत्रों में रहने वालों के लिए एक महत्वपूर्ण सूचना स्रोत है। यह स्थानीय समाचारों के साथ-साथ सामाजिक और सांस्कृतिक घटनाओं की प्रामाणिकता को बनाए रखते हुए उपयोगी जानकारी प्रदान करता है। यह वेबसाइट अपने आप में अयोध्या की सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत का एक डिजिटल दस्तावेज है।.

@2025- All Right Reserved.  Faizabad Media Center AYODHYA

Next Khabar is a Local news Portal from Ayodhya