दहेज विवाद के बाद दुल्हन की विदाई, इनायत नगर पुलिस ने सुलझा मामला

by Next Khabar Team
A+A-
Reset

मिल्कीपुर। जौनपुर जिले के थाना इनायत नगर क्षेत्र के एक गांव में 24 मई को एक शादी समारोह के दौरान उत्पन्न हुए विवाद ने उस समय नया मोड़ ले लिया जब बारात बिना दुल्हन के जनवास से चली गई। दुल्हन पक्ष ने दूल्हा और उसके परिवार पर ढाई लाख रुपये दहेज मांगने का आरोप लगाते हुए स्थानीय थाने में तहरीर दी, जिसके आधार पर पुलिस ने जांच शुरू की। सोमवार, 26 मई को मामले का सौहार्दपूर्ण समाधान हुआ, और दुल्हन की विदाई कराई गई।

जानकारी के अनुसार, जौनपुर जिले के जगदीशपुर बरहीपुर गांव से बारात 24 मई को इनायत नगर क्षेत्र के एक गांव में आई थी। रात में द्वार पूजा के बाद शादी की सभी रस्में पूरी हुईं, और बाराती व घराती दोनों पक्ष खुशी-खुशी समारोह में शामिल थे। लेकिन रात में अज्ञात कारणों से दूल्हा पक्ष और दुल्हन पक्ष के बीच विवाद हो गया। स्थिति ऐसी बनी कि दूल्हा पक्ष ने बिना दुल्हन पक्ष को सूचित किए जनवास छोड़ दिया और सुबह वापस अपने गांव लौट गया।

इसके बाद दुल्हन पक्ष ने स्थानीय थाना इनायत नगर में पहुंचकर दूल्हा और उसके परिवार पर ढाई लाख रुपये दहेज मांगने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू की और दूल्हा पक्ष से संपर्क साधा।

26 मई को दूल्हा और उसके परिजन थाना इनायत नगर पहुंचे और प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र पाण्डेय को पूरी घटना की जानकारी दी। दूल्हे ने बताया कि दुल्हन के जीजा और परिवारजनों ने उनकी ओर कोई ध्यान नहीं दिया, जिसके कारण कुछ रस्में पूरी करने में दिक्कत हुई। दूल्हे के अनुसार, रविवार को विदाई संभव नहीं हो सकी थी, इसलिए उन्होंने समझा कि जब दुल्हन पक्ष की ओर से कोई सहयोग नहीं मिल रहा, तो बेहतर होगा कि वे वापस चले जाएं। दूल्हे ने यह भी कहा कि उनकी योजना सोमवार को दुल्हन की विदाई कराने की थी, लेकिन इस बीच दुल्हन पक्ष ने पुलिस में शिकायत दर्ज कर दी।
दूल्हे ने कहा, “हमें समय पर सूचना मिल गई, वरना मामला और बिगड़ सकता था। हम दुल्हन को अपने साथ ले जा रहे हैं।” प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र पाण्डेय ने दोनों पक्षों से बात की। दुल्हन ने भी दूल्हे के साथ जाने की सहमति जताई। इसके बाद पुलिस और क्षेत्र के संभ्रांत लोगों ने मिलकर मामले को सुलझाने का प्रयास किया। पुलिस दूल्हा पक्ष के साथ दुल्हन के घर पहुंची, जहां बातचीत के बाद विदाई की रस्म पूरी की गई।

इसे भी पढ़े  नीट यूजी 2025 : अयोध्या की अद्रिका श्रीहर्ष ने हासिल की ऑल इंडिया 188 रैंक

इस दौरान जिला पंचायत सदस्य अशोक कुमार मिश्रा, भाजपा मंडल अध्यक्ष शिवकुमार पाठक, संतोष सिंह सहित अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने उपस्थित रहकर वर-वधु को आशीर्वाद दिया। सौहार्दपूर्ण समाधान पुलिस और स्थानीय लोगों की मध्यस्थता से मामला सुलझ गया, और दुल्हन की विदाई सौहार्दपूर्ण तरीके से संपन्न हुई।

नेक्स्ट ख़बर

अयोध्या और आस-पास के क्षेत्रों में रहने वालों के लिए एक महत्वपूर्ण सूचना स्रोत है। यह स्थानीय समाचारों के साथ-साथ सामाजिक और सांस्कृतिक घटनाओं की प्रामाणिकता को बनाए रखते हुए उपयोगी जानकारी प्रदान करता है। यह वेबसाइट अपने आप में अयोध्या की सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत का एक डिजिटल दस्तावेज है।.

@2025- All Right Reserved.  Faizabad Media Center AYODHYA

Next Khabar is a Local news Portal from Ayodhya