पंचायत चुनाव में भाजपा की हालत पतली, सपा आगे

by Next Khabar Team
A+A-
Reset

-40 सदस्यों वाली जिला पंचायत में 24 पर सपा का कब्जा

अयोध्या। महंगाई और जनता की सुनवाई न होना भाजपा समर्थित प्रत्याशियों के लिए जीत की डगर कठिन कर दी है। 40 सीटों में 24 पर सपा तो 6 पर भाजपा समर्थित प्रत्याशियों को निर्णायक बढ़त मिल चुकी है। देर रात परिणाम आने की उम्मीद है।

प्राप्त खबरों के मुताबिक जिला पंचायत सदस्य की शाम 6 बजे तक मतगणना के मुताबिक मसौधा प्रथम से सपा समर्थित सीमा यादव चुनाव जीत गई हैं। वहीं मसौधा द्वितीय से सपा समर्थित राजा मानसिंह विजयी हुए हैं। जबकि मसौधा तृतीय से भाजपा समर्थित इंद्रभान सिंह ने जीत हासिल की है। मया बाजार प्रथम से सपा समर्थित प्रेमा देवी तो मया द्वितीय से सपा समर्थित नागेंद्र यादव के हिस्से में जीत दर्ज हुई है। जबकि पूरा बाजार द्वितीय से भाजपा समर्थित रोली सिंह विजयी घोषित हुई हैं। पूरा बाजार तृतीय से भाजपा समर्थित देवता पटेल तो मिल्कीपुर प्रथम से भाजपा समर्थित अशोक मिश्रा ने निकटतम प्रतिद्वंद्वी सपा समर्थित प्रत्याशी को पटखनी दी है। बीकापुर प्रथम से सुनील सिंह राजपूत विजयी हुए हैं।

जनपद में समाजवादी पार्टी 24 सीटों पर आगे चल रही। 6 पर भाजपा, 5 पर बसपा समर्थित प्रत्याशी तथा 5 सीटों पर निर्दल  प्रत्याशी जीत की राह पकड़ चुके हैं। जनपद में जिला पंचायत सदस्य के कुल 40 सीट है। इसी प्रकार सोहावल प्रथम से सपा के अजय रावत की पत्नी विनीता रावत 7 हजार वोट से आगे चल रही। सोहावल द्वितीय से बसपा समर्थित चंद्रभान सिंह भाजपा समर्थित कृष्ण कुमार पांडेय खुन्नू से 2763 वोटों से आगे चल रहे है। सोहावल तृतीय 3500 मतों से सपा समर्थित रेनू रावत आगे, चतुर्थ से सोनाली रावत भाजपा समर्थित प्रत्याशी को मात देते हुए  साढे चार हजार मतो से आगे चल रही हैं।। रुदौली प्रथम से भाजपा जिला पंचायत सदस्य उम्मीदवार लालजीत सिंह पीछे चल रहे। देर रात परिणाम आने की सम्भावना है।

नेक्स्ट ख़बर

अयोध्या और आस-पास के क्षेत्रों में रहने वालों के लिए एक महत्वपूर्ण सूचना स्रोत है। यह स्थानीय समाचारों के साथ-साथ सामाजिक और सांस्कृतिक घटनाओं की प्रामाणिकता को बनाए रखते हुए उपयोगी जानकारी प्रदान करता है। यह वेबसाइट अपने आप में अयोध्या की सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत का एक डिजिटल दस्तावेज है।.

@2025- All Right Reserved.  Faizabad Media Center AYODHYA

Next Khabar is a Local news Portal from Ayodhya