बीरबल साहनी पुराविज्ञान संस्थान के साथ अवध विवि का करार

by Next Khabar Team
A+A-
Reset

-एमओयू होने से अनुसंधान कार्यक्रमों पर जोर होगाः प्रो प्रतिभा गोयल

अयोध्या। डॉ. राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय एवं बीरबल साहनी पुराविज्ञान संस्थान, लखनऊ के बीच शैक्षिक गतिविधियों के लिए समझौता किया गया। विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. प्रतिभा गोयल व बीरबल साहनी पुराविज्ञान संस्थान के निदेशक प्रो. एम. जी. ठक्कर के मध्य भू-वैज्ञानिक, भौगोलिक, पर्यावरणीय, जलवायु और पुराजलवायु अनुसंधान, छात्रों और संकायों के प्रशिक्षण के लिए एमओयू किया गया। कुलपति प्रो. गोयल ने बताया कि बीरबल साहनी पुराविज्ञान संस्थान, लखनऊ के मध्य पांच वर्ष के लिए अनुबंध-पत्र पर हस्ताक्षर किए गए है। इससे दोनों संकायों और छात्रों के बीच शैक्षिक गतिविधियों में सहयोग और अनुसंधान कार्यक्रमों में अनुभवों का आदान-प्रदान किया जा सकेगा। इसके अतिरिक्त दोनों की साझेदारी से ही सेमिनार, कार्यशालाएँ, अल्पकालिक प्रशिक्षण, ग्रीष्मकालीन प्रशिक्षण और ऐसी गतिविधियों को प्रोत्साहित किया जाएगा।
वहीं बीरबल साहनी पुराविज्ञान संस्थान, लखनऊ के निदेशक प्रो. एम. जी. ठक्कर ने बताया कि संयुक्त समझौते के तहत अनुसंधान के प्रशिक्षण कार्यक्रम चलाये जायेंगे। इससे संकायों के साथ विद्यार्थी भी लाभान्वित होंगे। अनुसंधान परियोजनाओं को पूरा करने में मजबूती मिलेगी। इसके अतिरिक्त अनुबंध के नियमों का अनुपालन किया जायेगा। मौके पर वैज्ञानिक प्रो. जसंवत सिंह, डॉ. अनुपम शर्मा, डॉ. सुधा तिवारी, डॉ. शिल्पा पाण्डेय, प्रो0 उपमा चतुर्वेदी, डॉ. गीतिका श्रीवास्तव, डॉ. अनुमेहा शुक्ला, प्रो0 सुमन मिश्रा, बिन्दु सुराज, विद्या लीना बावडेकर सहित अन्य मौजूद रहे।

नेक्स्ट ख़बर

अयोध्या और आस-पास के क्षेत्रों में रहने वालों के लिए एक महत्वपूर्ण सूचना स्रोत है। यह स्थानीय समाचारों के साथ-साथ सामाजिक और सांस्कृतिक घटनाओं की प्रामाणिकता को बनाए रखते हुए उपयोगी जानकारी प्रदान करता है। यह वेबसाइट अपने आप में अयोध्या की सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत का एक डिजिटल दस्तावेज है।.

@2025- All Right Reserved.  Faizabad Media Center AYODHYA

Next Khabar is a Local news Portal from Ayodhya