अवध विश्वविद्यालय विधि संकाय के संयोजक बने डाॅ. अशोक कुमार राय

by Next Khabar Team
A+A-
Reset

अयोध्या। का.सु. साकेत स्नातकोत्तर महाविद्यालय, अयोध्या के विधि विभाग के एसोसिएट प्रोफेसर डाॅ. अशोक कुमार राय को कुलपति के आदेशानुसार विधि संकाय का संयोजक नियुक्त किया गया है। अवध विश्वविद्यालय के विधि संकाय के नवनियुक्त संयोजक वर्तमान में विगत एक दशक से महाविद्यालय के जनसूचना अधिकारी के दायित्व का निर्वहन कर रहे हैं। इसके अतिरिक्त डाॅ. राय वर्तमान में विश्वविद्यालय के विधि अधिकारी के दायित्व का भी निर्वहन कर रहे हैं। इसके पूर्व डाॅ. राय विश्वविद्यालयीय मुख्य परीक्षा के उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन कार्य हेतु उप समन्वयक एवं समन्वयक के दायित्वों का निर्वहन कर चुके हैं। शैक्षिक कीर्तिमान से सम्पन्न डाॅ. ए.के. राय साकेत महाविद्यालय में आने के पूर्व सन्त बिनोवा पी.जी. काॅलेज, देवरिया में भी विधि विभाग में प्राध्यापक के रूप में कार्यरत रहे हैं। डाॅ. राय को एल-एल.बी. की परीक्षा में सर्वाधिक अंक प्राप्त करने के फलस्वरूप गोरखपुर विश्वविद्यालय ने गोल्ड मेडल प्रदान किया। इसके पश्चात् डाॅ. राय ने काशी हिन्दू विश्वविद्यालय, वाराणसी से एल-एल.एम. की उपाधि प्रथम श्रेणी से प्राप्त की। इन्हें पी-एच.डी. (शोध) की उपाधि डाॅ. राम मनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय, फैजाबाद से ’’कैपिटल पनिसमेन्ट’’ नामक सम-सामयिक विषय पर प्रदान की गयी है। इन्होंने प्रथम प्रयास में ही उ.प्र. उच्चतर शिक्षा सेवा आयोग, इलाहाबाद द्वारा आयोजित प्राध्यापक पद की परीक्षा में प्रथम स्थान प्राप्त किया। डाॅ. राय की दो विधि पुस्तकें प्रकाशित हो चुकी हैं। डाॅ. राय की विधि एवं अन्य विषयों के अनेक सम्मेलनों तथा संगोष्ठियों में सहभागिता रही है। आपकी पहचान सम-सामयिक विधि विषयों के प्रखर वक्ता के रूप में है। डाॅ. राय के मनोनयन पर विश्वविद्यालय के प्रति कुलपति प्रो. एस.एन. शुक्ल, चीफ प्राॅक्टर प्रो. आर.एन. राय, प्रो. के.के. वर्मा, पूर्व विधि संकायाध्यक्ष डाॅ. वी.पी. सिंह एवं साकेत महाविद्यालय के प्राचार्य डाॅ. अजय मोहन, डाॅ. एस.पी. सिंह, डाॅ. अभय कुमार सिंह, डाॅ. ए.के. मिश्रा, डाॅ. त्रिभुवन शुक्ल, डाॅ. अजय कुमार सिंह एवं अन्य ने खुशी का इजहार किया है।

नेक्स्ट ख़बर

अयोध्या और आस-पास के क्षेत्रों में रहने वालों के लिए एक महत्वपूर्ण सूचना स्रोत है। यह स्थानीय समाचारों के साथ-साथ सामाजिक और सांस्कृतिक घटनाओं की प्रामाणिकता को बनाए रखते हुए उपयोगी जानकारी प्रदान करता है। यह वेबसाइट अपने आप में अयोध्या की सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत का एक डिजिटल दस्तावेज है।.

@2025- All Right Reserved.  Faizabad Media Center AYODHYA

Next Khabar is a Local news Portal from Ayodhya