ग्राम चौपाल में जिलाधिकारी ने सुनी ग्रामीणों की समस्याएं, त्वरित निस्तारण के दिए निर्देश

by Next Khabar Team
A+A-
Reset

ग्रामीणों से सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं का अधिकाधिक लाभ उठाने की अपील की

अयोध्या। विकासखंड बीकापुर की ग्राम पंचायत असकरनपुर में आयोजित ग्राम चौपाल में विधायक गोसाईगंज अभय सिंह एवं जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं एवं सुझावों को सुना। ग्राम चौपाल में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने सहभागिता करते हुए विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं, मूलभूत सुविधाओं तथा विकास कार्यों से संबंधित विषयों को रखा।

जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने ग्रामवासियों से संवाद करते हुए कहा कि ग्राम चौपाल का उद्देश्य शासन और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करना है, जिससे समस्याओं का मौके पर ही समाधान सुनिश्चित किया जा सके। उन्होंने विभिन्न विभागों के अधिकारियों को प्राप्त शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण करने के निर्देश दिए। साथ ही ग्रामीणों से सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं का अधिकाधिक लाभ उठाने की अपील की। मुख्य विकास अधिकारी  ने जनकल्याण योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। ग्राम चौपाल के दौरान राजस्व, पंचायत, स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि, विद्युत, पेयजल एवं अन्य विभागों से संबंधित मामलों की समीक्षा की गई तथा कई समस्याओं का मौके पर ही निस्तारण कराया गया।

इस अवसर पर विभिन्न विभागों द्वारा हेल्प डेस्क लगाकर जनहितकारी योजनाओं की जानकारी भी प्रदान की गई। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने विधायक के साथ ग्राम पंचायत के परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। साथ ही अन्नप्राशन और गोदभराई भी कराई। कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी श्री कृष्ण कुमार सिंह, ज्वाइंट मैजिस्ट्रेट आदित्य विक्रम अग्रवाल, मुख्य चिकित्सा अधिकारी देवेंद्र भिटौरिया, अपर जिलाधिकारी नगर योगानंद पांडे सहित संबंधित विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, ग्राम प्रधान एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

डॉ. भीमराव अंबेडकर अंतरराष्ट्रीय क्रीड़ा संकुल का डीएम ने किया निरीक्षण


अयोध्या। जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने डॉ. भीमराव अंबेडकर अंतरराष्ट्रीय क्रीड़ा संकुल, डाभा सेमर का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध खेल सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विभिन्न खेल परिसरों का भ्रमण कर खिलाड़ियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की गुणवत्ता एवं रखरखाव की स्थिति का अवलोकन किया। जिलाधिकारी ने कुश्ती हॉल, तरणताल (स्विमिंग पूल), क्रिकेट ग्राउंड, रनिंग ट्रैक, साइकिलिंग ट्रैक, बैडमिंटन कोर्ट सहित अन्य खेल अवसंरचनाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को खेल परिसरों का नियमित रखरखाव सुनिश्चित करने तथा खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण एवं सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

इसे भी पढ़े  सरयू स्नान कर लौट रहे युवक की सड़क हादसे में मौत, मां गंभीर

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए गुणवत्तापूर्ण खेल सुविधाओं का विकास एवं उनका समुचित संचालन अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने खेल विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि खिलाड़ियों की आवश्यकताओं का विशेष ध्यान रखते हुए खेल परिसर में उपलब्ध सभी संसाधनों का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने परिसर की स्वच्छता, सुरक्षा व्यवस्था, प्रकाश व्यवस्था तथा खेल उपकरणों की उपलब्धता की भी समीक्षा की और आवश्यक सुधारात्मक कार्यवाही के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद के युवा खिलाड़ियों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। इस अवसर पर सीडीओ कृष्ण कुमार सिंह,ज्वाइंट मैजिस्ट्रेट आदित्य विक्रम अग्रवाल सहित खेल विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

विकास कार्यों की प्रगति का जायजा लेने विकास खंड मसौधा पहुंचे जिलाधिकारी


अयोध्या। जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने विकास खंड मसौधा का निरीक्षण कर विभिन्न विकासात्मक एवं जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यालय व्यवस्था, अभिलेखों के रख-रखाव तथा संचालित योजनाओं की प्रगति का अवलोकन करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से पहुंचना सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि विकास कार्यों में गुणवत्ता बनाए रखते हुए निर्धारित समयसीमा के भीतर कार्य पूर्ण कराए जाएं तथा जनता की समस्याओं का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। निरीक्षण के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने अधिकारियों को नियमित मॉनिटरिंग करने तथा क्षेत्र में भ्रमण कर योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने विकास खंड परिसर की साफ-सफाई, अभिलेखों के सुव्यवस्थित रख-रखाव, प्रेरणा कैंटीन एवं कार्यालयीय कार्यप्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाने पर भी बल दिया। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी कृष्ण कुमार सिंह, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट आदित्य विक्रम अग्रवाल सहित संबंधित विभागों के अधिकारीगण उपस्थित रहे।

इसे भी पढ़े  अग्निवीर जवानो का सातवां बैच देश की सेवा को तैयार, परेड में दी सलामी

पर्यटन विभाग द्वारा निर्माणाधीन प्रवेशद्वार का डीएम ने किया निरीक्षण


अयोध्या। जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने सुल्तानपुर रोड पर पर्यटन विभाग द्वारा निर्माणाधीन भव्य प्रवेशद्वार का स्थलीय निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति एवं गुणवत्ता का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधियों से निर्माण कार्य की वर्तमान स्थिति की जानकारी प्राप्त की तथा निर्धारित समय सीमा में कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने निर्माणाधीन प्रवेशद्वार के विभिन्न हिस्सों का निरीक्षण करते हुए निर्माण सामग्री की गुणवत्ता, डिजाइन, सौंदर्यीकरण एवं सुरक्षा मानकों का विशेष रूप से अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि प्रवेशद्वार किसी भी नगर की पहचान का प्रतीक होता है, इसलिए इसके निर्माण में गुणवत्ता एवं आकर्षक स्वरूप का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए तथा सभी कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप संपादित किए जाएं। साथ ही निर्माण स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने और कार्य की नियमित निगरानी करने के भी निर्देश दिए।

जो भी जमीनी विवाद है उन्हें समय से दूर करा कर कार्य पूर्ण करानें के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि अयोध्या देश एवं विश्व के प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों में अपनी विशेष पहचान बना रही है। ऐसे में पर्यटन अवसंरचना के विकास कार्यों को उच्च गुणवत्ता के साथ समयबद्ध रूप से पूर्ण किया जाना आवश्यक है, जिससे आने वाले श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकें। इसके अतिरिक्त उन्होंने रायबरेली और अंबेडकर नगर रोड पर भी बन रहे प्रवेश द्वार की भी जानकारी ली। जिलाधिकारी ने मुख्य विकास अधिकारी के साथ रिंग रोड निर्माण कार्यों का भी जायजा लिया। उन्होंने निर्देश दिया कि कार्य समय से और गुणवत्तापूर्ण कराया जाए। ज़मीन अधिग्रहण और भुगतान से संबंधित जो भी समस्याएं हो उन्हें समय से दूर किया जाए। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी कृष्ण कुमार सिंह, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट आदित्य विक्रम अग्रवाल सहित पर्यटन विभाग के अधिकारी, कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधि एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

You may also like

नेक्स्ट ख़बर

अयोध्या और आस-पास के क्षेत्रों में रहने वालों के लिए एक महत्वपूर्ण सूचना स्रोत है। यह स्थानीय समाचारों के साथ-साथ सामाजिक और सांस्कृतिक घटनाओं की प्रामाणिकता को बनाए रखते हुए उपयोगी जानकारी प्रदान करता है। यह वेबसाइट अपने आप में अयोध्या की सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत का एक डिजिटल दस्तावेज है।.

@2025- All Right Reserved.  Faizabad Media Center AYODHYA

Next Khabar is a Local news Portal from Ayodhya