जिला पंचायत बोर्ड बैठक में संशोधित कार्ययोजना का अनुमोदन

by Next Khabar Team
A+A-
Reset

-15वें वित्त आयोग के अर्न्तगत वर्ष 2022-23 के कार्यों की प्रगति हुई समीक्षा


अयोध्या। जिला पंचायत के अटल बिहारी बाजपेई सभागार में शनिवार को बोर्ड की बैठक जिला पंचायत अध्यक्ष रोली सिंह के द्वारा की गई जिसमें गत कार्यवाहियों की पुष्टि के साथ पंचम और 15वें वित्त आयोग के अर्न्तगत वर्ष 2022-23 के कार्यों की प्रगति समीक्षा की गई और इसके साथ ही वर्ष 2023-24 की संशोधित कार्ययोजना को अनुमोदित किया गया। आगामी वर्ष 2024-25 की प्राप्त होने वाली धनराशि के सापेक्ष कार्य प्रस्ताव भी सभी सदस्यों से मांगे गये हैं। सदन में रूदौली विधायक रामचन्द्र यादव व गोसाईगंज विधायक अभय सिंह उपस्थित रहे।वही अध्यक्ष के अनुमति के साथ अपर मुख्य अधिकारी द्वारा कार्यवाही का संचालन आरम्भ किया गया जिसमें एजेण्डा के प्रथम बिन्दु पर गत कार्यवाहियों पर विमर्श के साथ सर्वसम्मति से पुष्टि की गई।

सदन के पटल पर अपर मुख्य अधिकारी द्वारा कार्यों की प्रगति समीक्षा से अवगत कराया गया। इसके साथ कार्ययोजना में सदस्यों के कार्य प्रस्तावों के सापेक्ष संशोधन से भी अवगत कराया गया। इसी कम में कार्ययोजना को सदन द्वारा अनुमोदित किया गया। सदन द्वारा गत बैठक में प्रस्तुत जिला पंचायत की खनन परिवहन उपविधि एवं मानचित्र पारण उपविधि की दरों में संशोधन को अनुमोदित किया गया। ईंट भट्ठा संचालक उपविधि में संशोधन के सापेक्ष प्राप्त आपत्तियों का निस्तारण करते हुए विलम्ब शुल्क प्रथम माह 500 रूपये और पश्चात माह में विलम्ब होने पर 200 रूपये प्रति माह विलम्ब शुल्क को अनुमोदित किया गया।

इसके पश्चात कारखाना उपविधि और पशुबाजार उपविधि में संशोधनों पर विचार किया गया।कारखानों के लाईसेन्स शुल्क अधिकतम 1 लाख रूपये तथा पशुबाजारों के लाईसेन्स शुल्क के दरों को भी अधिकतम सीमा 1 लाख रूपये की स्वीकृति दी गई। विभिन्न विभागों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा के पूर्व सदन द्वारा एक मत से अधिकारियों की अनुपस्थिति पर खेद व्यक्त किया गया। विभिन्न विभागों से सम्बन्धित मा० सदस्यगणों के प्रश्नों का उपस्थित विभागीय अधिकारियों द्वारा गंभीरता से जवाब दिया गया और सभी मामलों में यथोचित कार्यवाही का आश्वासन भी दिया गया। सभी सदस्यगणों से पूर्ण सहयोग की अपेक्षा रखते हुए बैठक समाप्ति की घोषणा की गयी।

नेक्स्ट ख़बर

अयोध्या और आस-पास के क्षेत्रों में रहने वालों के लिए एक महत्वपूर्ण सूचना स्रोत है। यह स्थानीय समाचारों के साथ-साथ सामाजिक और सांस्कृतिक घटनाओं की प्रामाणिकता को बनाए रखते हुए उपयोगी जानकारी प्रदान करता है। यह वेबसाइट अपने आप में अयोध्या की सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत का एक डिजिटल दस्तावेज है।.

@2025- All Right Reserved.  Faizabad Media Center AYODHYA

Next Khabar is a Local news Portal from Ayodhya