हाई टेंशन लाइट कटवा जीआरपी ने काफी मशक्कत के बाद पकड़ा
अयोध्या। वाराणसी से अयोध्या कैंट रेलवे स्टेशन पहुंची सियालदह- जम्मूतवी की छत पर एक सिरफिरा साधुवेशधारी युवक चढ़ गया। युवक ने अपनी हरकत से आरपीएफ और जीआरपी को आधा घंटा से अधिक छकाया। ट्रेन रोककर बिजली काटकर युवक को काफी मशक्कत के बाद नीचे उतारा गया। युवक को जीआरपी ने हिरासत में लिया है।
बुधवार को सुबह सियालदह एक्सप्रेस पर अयोध्या कोतवाली क्षेत्र के लवकुश नगर रामघाट निवासी सोनू कुमार पुत्र जयराम की हरकत से अफरा तफरी मच गई। सोनू अपने दो साथियों के साथ ट्रेन से वाराणसी की ओर से आ रहा था और अयोध्या धाम जंक्शन पर न उतर वह आगे आ गया।अयोध्या कैंट रेलवे स्टेशन के पास ट्रेन की बोगी के छत पर चढ़ दौड़ने लगा।
उसकी हरकत देख यात्रियों में अफरा तफरी मच गई। ट्रेन को रोक दिया गया और आरपीएफ प्रभारी निरीक्षक हरीश कुमार शाही और जीआरपी प्रभारी निरीक्षक अनिल प्रकाश सिंह फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे तथा युवक को हाई वोल्टेज तार के खतरे से बचाने के लिए लाइन कटवाई। कड़ी मशक्कत कर सोनू को उतारा गया। इस दौरान ट्रेन लगभग 40 मिनट तक खड़ी रही। युवक को जीआरपी ने आरपीएफ के हवाले कर दिया। जीआरपी प्रभारी ने बताया कि युवक के बोगी पर चढ़ने की वजह नहीं पता चल सकी। ट्रेन सकुशल गंतव्य को रवाना हो गई है।