-120.90 लाख की लागत से 100 वर्ग मीटर में हो रहा निर्माण
अयोध्या। गुप्तारघाट पर पर्यटन को नई ऊंचाई देने वाली एक महत्वपूर्ण परियोजना तेजी से आगे बढ़ रही है। यहां राजकीय उद्यान में विभाग की ओर से एक अत्याधुनिक गेस्ट हाउस का निर्माण कार्य जोरों पर है। यह गेस्ट हाउस 120.90 लाख रुपये की अनुमानित लागत से तैयार किया जा रहा है और इसका क्षेत्रफल लगभग 100 वर्ग मीटर है। यह परियोजना राज्य निर्माण सहकारी संघ लिमिटेड को कार्यदाई संस्था के रूप में सौंपी गई है। भवन जी प्लस वन (ग्राउंड प्लस वन) मंजिला होगा।
जिला उद्यान अधिकारी अरुण कुमार तिवारी ने बताया कि भूतल पर एक सुंदर सुइट, बेडरूम और हाल का निर्माण किया जा रहा है, जबकि प्रथम तल पर भी इसी तरह की व्यवस्था होगी। गेस्ट हाउस में एसी कक्ष, आधुनिक सभागार और अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध होंगी, जो इसे प्रशासनिक अधिकारियों के ठहराव के लिए विशेष रूप से उपयुक्त बनाएंगी। बता दें कि गुप्तारघाट जहां भगवान राम ने जल समाधि ली थी, रामनगरी अयोध्या का एक प्राचीन और पवित्र स्थल है। राम मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा के बाद यहां पर्यटन और विकास की गति ने रफ्तार पकड़ी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की पर्यटन विकास की नीतियों और योजनाओं का यह एक प्रत्यक्ष परिणाम है।
मई तक है पूरा करने का लक्ष्य
यह गेस्ट हाउस मुख्य रूप से प्रशासनिक और आधिकारिक उपयोग के लिए बनाया जा रहा है, जहां अधिकारी या अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी ठहर सकेंगे। राज्य निर्माण सहकारी संघ लिमिटेड के सहायक अभियंता संजय सिंह ने बताया कि निर्माण कार्य को मई तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है, जिससे जल्द ही यह सुविधा शुरू हो सकेगी।
राजकीय उद्यान का बढ़ जाएगा आकर्षण
उद्यान विभाग की यह पहल गुप्तारघाट के राजकीय उद्यान को और अधिक आकर्षक बनाएगी, जहां आने वाले श्रद्धालु और पर्यटक प्रकृति के साथ-साथ आधुनिक सुविधाओं का भी लाभ उठा सकेंगे। मार्च तक निर्माण पूरा होते ही यह गेस्ट हाउस अयोध्या के विकास की नई कहानी जोड़ेगा।