-कृषि विश्वविद्यालय के ऑडिटोरियम में आयोजित हुआ था भाजपा बूथ अध्यक्ष सम्मेलन, भोजन के दौरान रोटी/पूड़ी को लेकर पार्टी के दो कार्यकर्ताओं में जमकर चले थे लात घूंसे
मिल्कीपुर । आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के ऑडिटोरियम में भारतीय जनता पार्टी की ओर से मिल्कीपुर के बूथ अध्यक्षों के प्रशिक्षण के दौरान आयोजित भोज में रोटी एवं पूड़ी को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं में हुई मारपीट के मामला शांत हो गया है। पार्टी के बड़े नेताओं के हस्तक्षेप एवं दबाव में आकर दोनों पक्षों ने सुलह समझौता कर लिया है।
बताते चलें कि आचार्य नरेंद्र कृषि विश्वविद्यालय के ऑडिटोरियम मे बुधवार को विधानसभा स्तरीय बूथ अध्यक्ष सम्मेलन का आयोजन किया गया था। कार्यक्रम संपन्न होने के बाद वहीं पर भोजन की व्यवस्था भी कराई गई थी। पार्टी कार्यकर्ताओं की भीड़ अधिक होने के चलते भोजन कम पड़ गया था। इसके बाद अमानीगंज मंडल के महामंत्री सर्वेश तिवारी व कुमारगंज नगर पंचायत के सभासद रवि सिंह के बीच पहले कहा सुनी हुई, फिर देखते ही देखते हाथापाई शुरू हो गई थी।
मौके पर मौजूद लोगों ने इसी तरह बीच बचाव किया था। इसके बाद दोनों पक्षों की तरफ से कुमारगंज थाने में परस्पर एक दूसरे के खिलाफ तहरीर दी गई थी। अपने ही कार्यकर्ताओं के आपस में भिड़ने की जानकारी जब भाजपा के पदाधिकारियों को लगी तो वे मामले का डैमेज कंट्रोल करने में जुट गए। उधर सत्ता पक्ष के होने के चलते पुलिस भी कार्यवाही करने से कतरा रही थी।
पार्टी के बड़े नेताओं एवं पदाधिकारियों के काफी प्रयास के बाद देर रात करीब 10 बजे थाने में दोनों पक्षो ने सुलह समझौता कर लिया। भाजपा जिलाध्यक्ष राधेश्याम त्यागी ने बताया कि कार्यकर्ताओं द्वारा किसी बात को लेकर कुछ विवाद कर लिया गया था। जिसे मिल बैठकर बातचीत करके हल कर लिया गया है। थाना प्रभारी सुरेश पटेल का कहना है कि तहरीर मिली थी कार्रवाई से पहले ही दोनों पक्षों ने सुलह समझौता कर लिया है।