-नगर निगम की पहल, आठ लाख रुपये किए जाएंगे खर्च
अयोध्या। कैंट रेलवे स्टेशन एवं पोस्टमार्टम हाउस के बीच नगर निगम सुलभ शौचालय का निर्माण कराएगा। पार्षद दीप कुमार गुप्ता के प्रयास से रेलवे ने शौचालय निर्माण के लिए नगर निगम को भूमि उपलब्ध करा दी है, जिस पर निर्माण कार्य भी शुरू हो गया है।
रेलवे स्टेशन से लेकर पोस्टमार्टम हाउस तक कोई भी टॉयलेट नहीं था। बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं तथा पोस्टमार्टम आने वाले पीड़ित लोगों को बहुत परेशानी का सामना करना पड़ रहा था, जिसे देखते हुए संत रविदास नगर वार्ड के पार्षद दीपकुमार ने रेलवे के अधिकारियों से वार्ता कर भूमि की उपलब्धता सुनिश्चित कराई। इसके बाद महापौर महंत गिरीशपति त्रिपाठी ने शौचालय निर्माण के लिए वित्तीय स्वीकृति दिला दी।
अब नगर निगम 8 सीटर शौचालय का निर्माण कर रहा है। जिसमें चार सीटें महिलाओं के लिए लगाई जाएंगी। इसके निर्माण पर नगर निगम आठ लाख रुपये खर्च करेगा। पार्षद दीप कुमार गुप्ता ने बताया कि रेलवे स्टेशन चौराहे से पोस्टमॉर्टम हाउस तक कोई सार्वजनिक पानी पीने की व्यवस्था नहीं थी। इसको देखते हुए नगर निगम से वॉटर कूलर भी लगवाया गया है।