मणिपर्वत के झूला मेले में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब

by Next Khabar Team
A+A-
Reset

-दूर-दूर से आए भक्तों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया, भगवान को कराया झूला विहार


अयोध्या। मणिपर्वत पर सावन के पवित्र महीने में लगा झूला मेला श्रद्धालुओं के सैलाब से गूंज उठा। 15 अगस्त की छुट्टी के दिन दूर-दूर से आए भक्तों ने इस पारंपरिक उत्सव में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। मणि पर्वत की हरियाली के बीच रामलला को झुलाने का यह अनूठा आयोजन आस्था और उल्लास का अद्भुत संगम बन गया।

योगी सरकार के निर्देशन में सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह चाक-चौबंद रखी गई। जगह-जगह यातायात डायवर्जन लागू किया गया ताकि श्रद्धालुओं को कोई असुविधा न हो। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की कड़ी निगरानी में मेला सुचारू रूप से संपन्न हुआ। भक्तों ने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था इतनी व्यवस्थित थी कि बड़े उत्सव के बावजूद कहीं भी अव्यवस्था नहीं दिखी। मणिपर्वत पर विशेष रूप से सजाया गया झूला मेला सावन की परंपरा का जीवंत प्रतीक बन गया। हरे-भरे परिवेश में रामलला के दर्शन कर श्रद्धालु भावविभोर हो रहे थे। झूले पर सवार भगवान के स्वरूप को श्रद्धालु झूला झुला रहे थे। इस दौरान विभिन्न मंदिरों से मणिपर्वत पहुंचे भगवान के विग्रहों को भी झूला विहार कराया गया।

कई भक्तों ने कहा कि सावन में भगवान को झुलाने का यह दृश्य मन को शांति और आनंद से भर देता है। मेले में आए श्रद्धालु न केवल झूला झूल रहे थे बल्कि रामलला को भी झुलाकर आशीर्वाद ले रहे थे। इस अवसर पर स्थानीय लोगों और बाहर से आए पर्यटकों ने भी उत्सव का आनंद लिया। कई परिवारों ने मिलकर झूला झूला और प्रसाद ग्रहण किया। वहीं श्रावण झूला मेले के अवसर पर अयोध्या के प्रमुख मंदिरों से भगवान के विग्रहों की 11 भव्य झांकियां निकाली गईं। श्रद्धालु इन झांकियों को लेकर मणि पर्वत पहुंचे, जहां पारंपरिक विधि-विधान के साथ भगवान को पेड़ों की डालियों पर सजे झूलों में झुलाया गया।

इसे भी पढ़े  पत्रकारों ने पेश की एकता की नई मिसाल, 13 किमी चली ऐतिहासिक तिरंगा यात्रा

इस दौरान पूरा मणि पर्वत क्षेत्र भक्ति और उल्लास से सराबोर रहा। मंदिरों से मणि पर्वत तक निकली झांकियों के दौरान ढोल-नगाड़ों और वाद्ययंत्रों की गूंज से वातावरण भक्तिमय बना रहा। महिलाओं और श्रद्धालुओं ने पारंपरिक कजरी गीत गाकर भगवान को झूला झुलाया। झूला उत्सव की रस्म पूरी होने के बाद भगवान के विग्रहों को शोभायात्रा के साथ उनके-अपने मंदिरों में ले जाकर विधिवत पुनः विराजमान कराया गया। अयोध्या एसपी सिटी चक्रपाणि त्रिपाठी ने बताया कि यातायात को ध्यान में रखते हुए डायवर्जन किया गया है।

विभिन्न मंदिरों में भी झूला उत्सव की छाई रौनक

अयोध्या के विभिन्न मंदिरों में भी झूला उत्सव की रौनक छाई हुई है। रामलला मंदिर सहित कई मंदिरों में भगवान को चांदी के पालने में झुलाया जा रहा है। श्रद्धालु मंदिर पहुंचकर भगवान को स्वयं झुला रहे हैं और भक्ति भाव से भजन-कीर्तन कर रहे हैं। मंदिरों को झूला मेले के अवसर पर आकर्षक ढंग से सजाया गया है। फूलों, झालरों और रंग-बिरंगी सजावट से रामनगरी का वातावरण और भी भक्तिमय हो उठा है।

सदियों पुरानी परंपरा है झूला मेला

सावन झूला मेला अयोध्या की सदियों पुरानी परंपरा है। यह उत्सव न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक है बल्कि सांस्कृतिक विरासत को भी जीवित रखता है। भक्तों का मानना है कि सावन में रामलला को झुलाने से मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं और जीवन में सुख-शांति आती है। मणिपर्वत की हरियाली में झूलते रामलला का दृश्य देखने लायक था। श्रद्धालुओं की भीड़ में भक्ति का संचार साफ नजर आ रहा था।

साफ-सफाई और पेयजल की व्यवस्था की सुनिश्चित

नगर आयुक्त जयेंद्र कुमार ने बताया कि साफ-सफाई और पेयजल की व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है। अयोध्या आने वाले श्रद्धालुओं को किसी भी तरह की तकलीफ न हो, इसका खास ध्यान रखा जा रहा है। सरयू तट पर चेंजिंग रूम के अलावा विभिन्न स्थलों पर अस्थाई टॉयलेट ब्लॉक के भी इंतजाम कराए गए हैं। हमारा प्रयास है कि 28 तक चलने वाले मेले से श्रद्धालु एक अच्छा अनुभव लेकर जाएं।

इसे भी पढ़े  जिलाधिकारी व वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने समाधान दिवस पर सुनी जनता की फरियाद

मणिपर्वत मेले में सुरक्षा व्यवस्था का डीएम-एसएसपी ने लिया जायजा, दिए आवश्यक निर्देश

जिलाधिकारी अयोध्या शशांक त्रिपाठी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अयोध्या डॉ. गौरव ग्रोवर ने मेला क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया। अधिकारियों ने जनपद में चल रहे मणिपर्वत मेला एवं श्रावण मास मेले के सकुशल आयोजन और श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए अयोध्या पुलिस द्वारा किए गए सुरक्षा एवं यातायात प्रबंधों का जायजा लिया।

इस दौरान अधिकारियों ने मेला क्षेत्र में लगाए गए सीसीटीवी कैमरों की स्थिति एवं निगरानी व्यवस्था के संबंध में जानकारी ली। साथ ही ड्यूटी प्वाइंट पर तैनात अधिकारी एवं पुलिसकर्मियों को भीड़ नियंत्रण, यातायात प्रबंधन और श्रद्धालुओं की सुविधा से जुड़े आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। अधिकारियों ने मेले के दौरान सतर्कता बनाए रखने तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

नेक्स्ट ख़बर

अयोध्या और आस-पास के क्षेत्रों में रहने वालों के लिए एक महत्वपूर्ण सूचना स्रोत है। यह स्थानीय समाचारों के साथ-साथ सामाजिक और सांस्कृतिक घटनाओं की प्रामाणिकता को बनाए रखते हुए उपयोगी जानकारी प्रदान करता है। यह वेबसाइट अपने आप में अयोध्या की सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत का एक डिजिटल दस्तावेज है।.

@2025- All Right Reserved.  Faizabad Media Center AYODHYA

Next Khabar is a Local news Portal from Ayodhya