रामलला विग्रह के लिए बनेगी देश के प्रतिष्ठित मूर्तिकारों की कमेटी

by Next Khabar Team
A+A-
Reset

-श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव ने की राहुल गांधी की यात्रा की प्रशंसा

अयोध्या। श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की बुधवार को प्रस्तावित बैठक से पहले सर्किट हाउस में ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय ने बताया कि बैठक में रामलला की प्रतिष्ठा के लिए प्रस्तावित विग्रह पर विशेष विमर्श किया जाएगा। उन्होंने एक अन्य सवाल के जवाब में कहा कि कांग्रेस सांसद राहुल गांधी की यात्रा का संघ परिवार व प्रधानमंत्री की ओर से कभी विरोध नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि इस सर्दी के मौसम में एक नौजवान की ओर से तीन हजार किमी. की यात्रा प्रशंसनीय है। इसका समर्थन हम सभी करते हैं।

ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष महंत गोविंद देव गिरि ने भी कहा कि भारत जोड़ो यात्रा का नारा अच्छा है। भारत को जुड़ना ही चाहिए। उन्होंने राम मंदिर से सम्बन्धित सवाल पर कहा कि यहां उड़ीसा, कर्नाटक व महाराष्ट्र से मूर्ति कला के तीन विशेषज्ञ आमन्त्रित किए गये हैं जो कि रामलला के स्वरूप व रंग-रूप के साथ अन्य विषयों पर चर्चा करेंगे। उन्होंने कहा कि बैठक में इन विशेषज्ञों की कमेटी बनाई जाएगी।

उन्होंने बताया कि संस्था की मंशा है कि रामलला का विग्रह सर्वमान्य और उत्तम हो। इसके साथ श्रद्धालु उनसे श्रद्धा के साथ जुड़ सकें। दोनों पदाधिकारी राम मन्दिर निर्माण समिति चेयरमैन नृपेन्द्र मिश्र से भेंट करने पहुंचे थे। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र की त्रैमासिक बैठक बुधवार को होगी। मणिराम छावनी में अपराह्न तीन बजे से प्रस्तावित इस बैठक से पहले सभी ट्रस्टी रामलला का दर्शन कर निर्माणाधीन मंदिर का अवलोकन करेंगे।

नेक्स्ट ख़बर

अयोध्या और आस-पास के क्षेत्रों में रहने वालों के लिए एक महत्वपूर्ण सूचना स्रोत है। यह स्थानीय समाचारों के साथ-साथ सामाजिक और सांस्कृतिक घटनाओं की प्रामाणिकता को बनाए रखते हुए उपयोगी जानकारी प्रदान करता है। यह वेबसाइट अपने आप में अयोध्या की सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत का एक डिजिटल दस्तावेज है।.

@2025- All Right Reserved.  Faizabad Media Center AYODHYA

Next Khabar is a Local news Portal from Ayodhya