-जांच में जुटीं पुलिस व खुफिया एजेंसियां
अयोध्या। राजर्षि दशरथ मेडिकल कॉलेज में पैरामेडिकल प्रथम वर्ष के एक छात्र के पास बम बनाने से संबंधित जानकारी लिखी पर्ची मिलने से हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही कोतवाली अयोध्या पुलिस मौके पर पहुंची और छात्र को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए खुफिया एजेंसियों को भी जांच में लगाया गया है।
जानकारी के अनुसार, बलरामपुर निवासी मुस्लिम समुदाय का छात्र मेडिकल कॉलेज में पैरामेडिकल की पढ़ाई कर रहा है। शुक्रवार रात उसकी लैब में ड्यूटी थी। इसी दौरान उसके पास से एक पर्ची बरामद हुई, जिसमें कथित तौर पर बम बनाने की विधि, आकार और उसकी तीव्रता से संबंधित विवरण लिखा हुआ था। पर्ची मिलने की जानकारी पर कॉलेज प्रशासन सतर्क हो गया और तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने छात्र को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है।
साथ ही बरामद पर्ची की जांच की जा रही है कि उसका उद्देश्य क्या था और उसका किसी संदिग्ध गतिविधि से कोई संबंध है या नहीं। पुलिस क्षेत्राधिकारी अयोध्या आशुतोष तिवारी ने बताया कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी। आवश्यकता पड़ने पर अन्य जांच एजेंसियों की भी मदद ली जाएगी। फिलहाल पुलिस मामले में सभी तथ्यों की पुष्टि करने में जुटी है।