The news is by your side.

रूक-रूक कर हो रही बारिश से मौसम हुआ सुहाना

किसानों के खिले चेहरे, कालोनियों में जलभराव

अयोध्या। जनपद में बीती रात से रुक-रुक कर बारिश का सिलसिला जारी है। लगातार बारिश होने से किसानों के चेहरे खिल उठे हैं। आम लोगों को उमस व गर्मी से राहत मिली है। आगामी दो से तीन दिनों तक मध्यम से घने बादल छाए रहेंगे और बारिश भी होगी। विज्ञानियों का कहना है कि मानसून पूरी तरह सक्रिय है। इसलिए अभी अच्छी बारिश की उम्मीद है। बीते 24 घंटों में 30 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। बारिश की वजह से मौसम भी सुहाना बना रहा और लोगों को गर्मी से निजात मिली। मौसम की अनुकूलता ने खेती-किसानी को भी पंख लगा दिए हैं। बारिश के साथ किसान पूरे दिन खेतों में व्यस्त रहे। नरेंद्रदेव कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय के मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार मानसून पूरी तरह सक्रिय है। इसीलिए अच्छी बरसात भी होगी रही। मौसम विज्ञानी डॉ. अमरनाथ मिश्र ने बताया कि बुधवार तक मध्यम से घने बादल छाए रहेंगे और अच्छी बारिश भी होगी। सोमवार को अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस रहा। यह सामान्य से एक डिग्री कम रहा। न्यूनतम तापमान 24.5 डिग्री सेल्सियस रहा। अधिकतम आद्रता 92 व न्यूनतम 86 फीसदी रही। जगह-जगह हुआ जलभराव बारिश ने नगर निगम की जलनिकासी की व्यवस्था की पोल खोलकर रखा दी है। शहर के अधिकांश हिस्से जलभराव की चपेट में रहे। इस वजह से कई स्थानों पर यातायात व्यवस्था भी बाधित हुई। फोरलेन पर ज्यादातर अंडरपास भी पानी से लबालब रहे। अयोध्या फोरलेन से जनौरा को जाने वाला अंडरपास पानी से लबालब रहा। इस वजह से लोगों को खासी दिक्क्तों का सामना करना पड़ा। जलवानपुरा की हालत तो बेहद खराब रही। जलभराव की वजह से आवागमन पूरी तरह बाधित रहा। रामघाट का भी हाल ऐसा ही रहा।

Advertisements
Advertisements

Comments are closed.