हल्दी का कपड़ा लेने जा रही युवती की सड़क हादसे में मौत

by Next Khabar Team
A+A-
Reset

अयोध्या। रौनाही थाना क्षेत्र स्थित अपने घर से हल्दी के रस्म के लिए कपड़े की खरीददारी करने जा रही एक युवती सड़क हादसे का शिकार हो गई। हादसे में युवती की मौत हुई है जबकि बाइक चला रहा गांव का ही युवक घायल हुआ है। घायल युवक को सीएचसी पर भर्ती कराया गया है। जिला अस्पताल प्रशासन ने युवती के शव को मोर्चरी में रखवा पोस्टमार्टम के लिए मेमो नगर कोतवाली पुलिस को भेजवाया है।

बताया गया कि रौनाही थाना क्षेत्र के महरौना निवासी नेहा यादव (25 वर्ष) पुत्री ओमकार यादव के घर बड़े भाई की रविवार को शादी है। वैवाहिक समारोह को लेकर घर में कार्यक्रम चल रहा है। हल्दी की रस्म के लिए कपड़ा खरीदने के लिए नेहा यादव अपने गांव के ही रवि (22 वर्ष) पुत्र रमेश के साथ बाइक से रुदौली बाजार जा रही थी।

नेहा को जिला अस्पताल लाने वाले उसके चचेरे भाई रामतेज यादव ने बताया कि दूसरी पहर लखनऊ हाइवे पर मख्वापुर के पास किसी वाहन ने बाइक को साइड मार दी,जिससे बाइक अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में नेहा और रवि दोनों घायल हो गए। गंभीर होने के कारण नेहा को जिला अस्पताल लेकर आये तो डाक्टर ने परीक्षण के बाद मृत घोषित कर दिया। रवि को समुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर भर्ती कराया गया है।

नेक्स्ट ख़बर

अयोध्या और आस-पास के क्षेत्रों में रहने वालों के लिए एक महत्वपूर्ण सूचना स्रोत है। यह स्थानीय समाचारों के साथ-साथ सामाजिक और सांस्कृतिक घटनाओं की प्रामाणिकता को बनाए रखते हुए उपयोगी जानकारी प्रदान करता है। यह वेबसाइट अपने आप में अयोध्या की सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत का एक डिजिटल दस्तावेज है।.

@2025- All Right Reserved.  Faizabad Media Center AYODHYA

Next Khabar is a Local news Portal from Ayodhya