अयोध्या। नगर कोतवाली क्षेत्र में अफीम कोठी के पास एक युवक सड़क किनारे पड़ा मिला है। एंबुलेंस से उसको जिला अस्पताल पहुंचाए जाने के बाद डाक्टर ने मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान और पोस्टमार्टम के लिए शव को मोर्चरी में रखवाया गया है।
चौकी प्रभारी चौक धर्मेंद्र मिश्रा ने बताया कि मंगलवार को स्थानीय लोगों ने दूसरी पहर सड़क किनारे लगभग 30 वर्षीय एक युवक के पड़े होने की जानकारी दी तो पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से उसको तीन बजे जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां डाक्टर ने उसको मृत घोषित कर दिया। अभी मृतक की पहचान नहीं हो पाई है।
सड़क दुर्घटना में युवक की मौत
सोहावल । बारात में शामिल होने के लिये घर से निकले सोनू सिंह पुत्र अजय कुमार सिंह उम्र लगभग 30 वर्ष निवासी विशुनपुर सारा (नबीगंज) की सड़क दुर्घटना में दर्दनाक मौत हो गई। मोइया कपूरपुर गांव के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से हुए गंभीर हादसे में सोनू ने अयोध्या से लखनऊ ट्रामा सेंटर ले जाते समय दम तोड़ दिया। खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई।
माँ की गोद सूनी हो गई, पिता की आँखें पत्थर-सी हो गईं। चार बहनों पर दुख का पहाड़ टूट पड़ा। सबसे पीड़ादायक यह कि सोनू की इसी वर्ष शादी तय थी। पूरा सोहावल क्षेत्र शोक में डूबा है। लोग उनके घर पहुंचकर परिवार को सांत्वना दे रहे और ढाड़स बंधा रहे हैं।
गन्ने के खेत में मिला युवक का शव
अयोध्या। कुमारगंज थाना क्षेत्र में एक युवक का गन्ने के खेत में शव मिला है। मृतक की अभी पहचान नहीं हो पाई है। स्थानीय लोगों ने मंगलवार सुबह लगभग 10ः30 बजे थाना क्षेत्र के ग्राम भुलई तिवारी का पुरवा चिलबली निवासी जगनारायन तिवारी पुत्र रामफेर तिवारी के गन्ने के खेत में एक लगभग 25 वर्षीय युवक एक शव देखा।जानकारी पुलिस को दी गई।
मौके पर पहुंची पुलिस ने आस-पास के लोगों से पहचान करायी,लेकिन उसकी पहचान नहीं हो पाई। मृतक के सीने पर चोट और शरीर पर सफेद हाफ जैकेट,काली चेकदार शर्ट एवं नीली जीन्स व काला जूता मिला है। पुलिस का कहना है कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजवाया गया है और पहचान कराई जा रही हैं।