अयोध्या। नगर कोतवाली पुलिस ने चोरी के आरोप में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए युवक के पास से चुराया गया लगभग दस लाख रूपये कीमत का सोने-चांदी का आभूषण और कीमती कपड़ा बरामद किया है। कोतवाल अश्विनी पांडेय ने बताया कि नवीन मंडी चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक जय किशोर अवस्थी और उपनिरीक्षक अखिलेश तिवारी की टीम ने उसरु नहर स्थित मनीवीर स्कूल के पास से नीरज यादव (30 वर्ष) निवासी ग्राम परसवां शुकुल का पुरवा थाना इनायतनगर को गिरफ्तार किया है।
पूछताछ में उसने उसरू के वैष्णव नगर कालोनी से जेवरात और कीमती कपड़े तथा नवीन मंडी गेट के सामने किराना दुकान और आवास से जेवरात, नकदी व मोबाइल चोरी की बात कबूल की है। उसकी निशानदेही उसरू से चोरी चार अंगूठी,नाक की एक नथिनी, एक चैन, एक माथ बिदिंया, एक जोड़ी कान का झुमका,एक जोड़ी कान की बाली,सूई-धागा,गले का दो हार, सफेद,लाल,पीले मोती लगे गले के दो हार,सफेद मूंगे युक्त गले की चेनदार हार,एक जोड़ी बिछिया,काले व सफेद मूंगे युक्त दो मंगलसूत्र,एक जोड़ी कान का झाला,एक मूंगदार माथ बेदी,एक गोल सफेद मूंगदार माथ बिंदी तथा एक जोड़ा पायल,13 बिछिया और ब्रीफकेस से पांच साड़िया,पांच ब्लाउज,एक पेटीकोट बरामद हुआ है।
पिट्ठू बैग में से चूड़ी-कंगन वाले प्लास्टिक के दो डिब्बे व एक लाल रंग का गत्तेदार डिब्बा मिला है। मामले में मैनुद्दीनपुर थाना पूराकलंदर के मूल निवासी राघवेन्द्र कुमार यादव पुत्र राघवराम यादव ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। वहीं मंडी गेट के सामने किराना की दुकान चलाने वाले और पीछे के हिस्से में रहने वाले महेश गुप्ता ने 20 जनवरी को रिपोर्ट लिखाई थी। दोनों मामलों में बरमदगी की धारा बढ़ा आरोपी का चालान किया गया है।