-मायके वालों ने लगाया हत्या का आरोप
मिल्कीपुर। कुमारगंज थाना क्षेत्र के धमथुआ मुगलन गांव में पति-पत्नी के बीच हुए विवाद के बाद हुई मारपीट में एक महिला की मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, धमथुआ मुगलन गांव निवासी 30 वर्षीय गायत्री पत्नी अरविंद कुमार के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी।
यह कहासुनी जल्द ही मारपीट में बदल गई, जिसमें अरविंद कुमार ने कथित तौर पर अपनी पत्नी गायत्री को मार दिया, जिससे वह अचेत हो गईं। गायत्री की गंभीर हालत देखकर परिजन उन्हें इलाज के लिए पहले कुमारगंज के एक निजी अस्पताल ले गए। वहां चिकित्सकों ने उन्हें किसी अन्य अस्पताल ले जाने की सलाह दी। इसके बाद अरविंद कुमार और अन्य परिजन मंगलवार रात करीब 2ः30 बजे गायत्री को सौ शैय्या संयुक्त चिकित्सालय कुमारगंज ले गए। इमरजेंसी में मौजूद चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
अस्पताल के चिकित्सक के मुताबिक, जब महिला को अस्पताल लाया गया, तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। अस्पताल प्रशासन ने घटना की जानकारी कुमारगंज पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया और मृतका के मायके वालों को सूचना दी। मायके वालों के आने के बाद पुलिस ने शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतका गायत्री के तीन बच्चे हैं, जिनमें बड़ी बेटी अर्ज 7 वर्ष, मीठी 5 वर्ष और ढाई वर्ष का बेटा शिवांश शामिल हैं। प्रभारी निरीक्षक थाना कुमारगंज संतोष कुमार ने बताया कि अभी तक कोई तहरीर नहीं मिली है। उन्होंने कहा कि तहरीर मिलने और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्यवाही की जाएगी। मृतका के मायके पक्ष के लोग हत्या का आरोप लगा रहे हैं।