-उपकार के महानिदेशक डॉ. संजय सिंह ने कृषि विवि के शोध प्रक्षेत्र का भ्रमण कर परियोजनाओं का किया निरीक्षण
अयोध्या। कृषि विश्वविद्यालय पहुंचे उत्तर प्रदेश कृषि अनुसंधान परिषद (उपकार) के महानिदेशक डॉ. संजय सिंह ने विश्वविद्यालय के शोध प्रक्षेत्र का भ्रमण कर उपकार द्वारा पोषित विभिन्न शोध परियोजनाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने गेहूं पर उच्च तापमान के प्रभाव के अध्ययन हेतु संचालित महत्वपूर्ण शोध परियोजना को परखा।
उन्होंने मुख्य अन्वेषक डॉ. आलोक कुमार सिंह से शोध कार्य की प्रगति की विस्तृत जानकारी ली और बढ़ते तापमान के प्रभाव एवं फसल की उत्पादकता पर विचार-विमर्श किया। महानिदेशक ने वैज्ञानिकों से बातचीत में कहा कि हमारा शोध सीधे किसानों से जुड़ा होना चाहिए। शोध परियोजनाओं का स्वरूप किसानों की वास्तविक समस्याओं को ध्यान में रखते हुए तैयार किया जाना जरूरी है जिससे किसानों की आय एवं उत्पादकता में वास्तविक वृद्धि हो सके।
उन्होंने सुझाव दिया कि किसान उच्च तापमान एवं सीमित जल उपलब्धता जैसी परिस्थितियों में भी अपनी फसल की उत्पादकता को बनाए रख सके इसको ध्यान रखकर शोध की जरूरत है। उन्होंने डॉ. आलोक कुमार सिंह के प्रयासों की सराहना की। कहा कि इस परियोजना से प्राप्त होने वाले परिणाम भविष्य में किसानों की गेहूं उत्पादकता को बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
परियोजना के मुख्य अन्वेषक डॉ. आलोक कुमार सिंह ने बताया कि इस शोध परियोजना का प्रमुख उद्देश्य उत्तर प्रदेश के किसानों द्वारा देर से बोई जाने वाली गेहूं की फसल में उच्च तापमान के कारण होने वाली उत्पादकता हानि को कम करना है, जिससे बदलती जलवायु परिस्थितियों में भी किसान सुरक्षित उत्पादन कर सकें। इस मौके पर अधिष्ठाता डॉ भगवानदीन, डॉ आर.के यादव, डॉ राज बहादुर, डॉ कुलदीप पांडेय, डॉ जगबीर सिंह मौजूद रहे।