भाकियू नेता घनश्याम वर्मा ने जताया विरोध
अयोध्या। वर्तमान समय में कोरोनावायरस के संक्रमण से बचाव हेतु पूरे देश में लाक डाउन लागू है ,जनता अपने घरों में बंद है तमाम परेशानियों को झेल रही है वही फुटकर सब्जी विक्रेताओं द्वारा भी बड़े पैमाने पर आम जनता को ठगा जा रहा है जो सब्जी मंडी में 10 रूपये किलो में मिलती है उस सब्जी को ठेला वाला/ फुटकर सब्जी विक्रेता तीन गुना लाभ लेकर आम जनता को बेच रहा है। एक तरफ जहां जनता की आमदनी ठप्प है वही सब्जी विक्रेताओं द्वारा अधिक पैसा लेकर आम जनता का दोहन किया जा रहा है और किसानों को कम पैसा देकर उनकी लागत को भी पूरा नहीं किया जा रहा है। मंडी में पुलिसिया तांडव के चलते मंडी गेट के अंदर किसानों का प्रवेश नहीं हो पा रहा है और किसान अपनी उपज सब्जी को औने-पौने बेचने को मजबूर हो रहे हैं तमाम प्रकार की हरी सब्जियां बिक ना पाने की स्थिति में खेतो में फेंकने को मजबूर हो रहे हैं । फैजाबाद शहर में तमाम मेडिकल स्टोर जो पहले 10 प्रतिशत की छूट देने का काम करते थे वर्तमान समय में उनके द्वारा छूट भी समाप्त कर दी गई है । किराना की दुकानों पर महंगे दाम पर सामान बेचे जा रहे हैं प्रशासन द्वारा शुरू में कुछ किराना की दुकानों का निरीक्षण करके आवश्यक कार्रवाई तो जरूर की गई थी लेकिन वर्तमान समय में सारे दुकानदार जनता को ठगने का मुहिम चला रखे हैं जिससे आम जनता में त्राहि-त्राहि मची है सबसे अधिक आवश्यकता इस बात की है की मंडी में मिलने वाली सब्जी पर फुटकर विक्रेताओं द्वारा कितने प्रतिशत लाभ लेकर जनता को दिया जाएगा जब तक यह बात नहीं तय हो जाती तब तक जनता का शोषण रोका जाना संभव नहीं है। भाकियू नेता ने जिला प्रशासन से मांग किया है कि किसानों को उनकी उपज सब्जी इत्यादि का उचित दाम दिलाने के साथ-साथ आम जनता/ उपभोक्ता को भी सही दाम पर सब्जी उपलब्ध कराने का कार्य करें।