-विधायक रामचंद्र यादव, विधायक चंद्रभानु पासवान भी कार्यक्रम में हुए शामिल
अयोध्या।आचार्य नरेंद्र कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय के सामुदायिक विज्ञान महाविद्यालय में “कार्य क्षेत्र में महिलाओं की समस्याएं एवं समाधान“ विषय पर एक दिवसीय संगोष्ठी आयोजित की गई। जल-भरो के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। समस्त अतिथियों को स्मृति चिन्ह एवं अंगवस्त्रम भेंटकर सम्मानित किया गया।
उत्तर प्रदेश महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव ने कहा कि महिला आयोग महिलाओं की सुरक्षा हेतु 24 घंटे कार्यरत है। 2012 के सर्वेक्षण में उत्तर प्रदेश महिला सुरक्षा में आठवें स्थान पर था किंतु वर्तमान समय में उत्तर प्रदेश महिला सुरक्षा में प्रथम स्थान पर आ गया है। उन्होंने कहा की सभी छात्राओं को सशक्त महिलाओं की जीवनी के बारे में पढ़ना चाहिए और उनसे प्रेरणा लेनी चाहिए। सोशल मीडिया के उपयोग पर भी अपना विचार साझा किया। उन्होंने सरकार द्वारा चलाई जा रही कन्या सुमंगला योजना से जुड़ने की बात कही।
विवि के कुलपति कर्नल डॉ बिजेंद्र सिंह ने कहा कि विश्विद्यालय में महिला शिक्षिकाओं की संख्या में काफी बढ़ोतरी हुई है और पहले की अपेक्षा विवि में छात्राओं की संख्या बढ़ी है। कहा कि विश्विद्यालय द्वारा छात्राओं की सुरक्षा का पूरा इंतज़ाम है। शिक्षिकाओं के बच्चों के लिए भी नर्सरी स्कूल की सुविधा प्रारंभ की जा रही है।मिल्कीपुर विधायक चंद्रभानु पासवान ने सरकार द्वारा मंडल स्तर पर महिलाओं की 33 प्रतिशत भागीदारी बढ़ाए जाने के कार्य को सराहा। विधायक पासवान ने कहा कि नारी सशक्तिकरण केवल महिलाओं का अधिकार ही नहीं बल्कि समाज की प्रगति का रास्ता भी है।
रुदौली विधायक रामचंद्र यादव ने कहा कि महिलाएं हमारे देश की भविष्य हैं। महिला सशक्तिकरण के लिए महिलाओं को शिक्षित होना बहुत जरूरी है। महिलाएं पढ़ेंगी तभी हमारा देश आगे बढ़ेगा। अधिष्ठाता डॉ साधना सिंह के संयोजन में कार्यक्रम आयोजित किया गया। डॉ सरिता श्रीवास्तव ने सभी अतिथियों के प्रति धन्यवाद व्यापित किया। कार्यक्रम का संचालन डॉ तृप्ति वर्मा ने किया। इस मौके पर 200 छात्र छात्राएं मौजूद रहीं।